जबलपुर: संभाग के सबसे बड़े नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग में वार्ड में भर्ती एक मरीज को वेंटिलेटर लगाने वाले वार्ड ब्वॉय को ठेका कंपनी बीडीएस हाईट ने नौकरी से निकाल दिया है। वायरल वीडियो के बाद मेडिकल प्रबंधन के जिम्मेदारों ने उसकी शिकायत ठेका कंपनी से की और फिर उस पर शनिवार को कार्रवाई हो गई। गौरतलब है कि गत दिवस सोशल मीडिया में मेडिकल अस्पताल का एक वीडियो वायरल हुआ था.
जिसमें डॉक्टर की जगह अस्पताल का वार्ड ब्वॉय मरीज को वेंटिलेटर लगाता नजर आया था। इस वायरल वीडियो ने मेडिकल अस्पताल प्रबंधन व डॉक्टर्स की कार्यप्रणाली को भी कटघरे में खड़ा कर दिया था।मेडिकल डीन डॉ. नवनीत सक्सेना और मेडिकल अधीक्षक डॉ. अरविंद शर्मा ने नवभारत को बताया कि मेडिकल अस्पताल के सभी वार्ड ब्वॉय को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि वे अपना मूल काम मरीजों की मदद करना याद रखें इसके सिवा भविष्य में ऐसी गलती दोबारा कोई भी न करे।
शनिवार को मेडिकल अधीक्षक ने ठेका कंपनी के अधिकारियों के साथ भी बैठक ली और उन्हें निर्देशित किया कि वे अपने अधीनस्थ वार्ड ब्वॉय को आवश्यक दिशा निर्देश दें।सीनियर वार्ड ब्वॉय करते हैं मनमानी जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कई वार्ड ब्वॉय सीनियर हो चुके हैं जो उत्सुकता में कई बार अपना मूल काम छोड़कर कुछ ऐसा कर देते हैं जिससे वे सुर्खियों में आ जाते हैं। इसके पहले भी कुछ वार्ड ब्वॉय को मरीजों का इलाज करते देखा गया है जिसके बाद दो कर्मचारियों पर पहले भी गाज गिर चुकी है।
