
उज्जैन। बडऩगर मार्ग इंगोरिया में शुक्रवार दोपहर बड़ा सडक़ हादसा हो गया। बारातियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलटी खाई है। गनीमत रही कोई जनहानि की सूचना सामने नहीं आई। लेकिन एक ही परिवार के लगभग 15 लोग हादसे में घायल हुए है। जिन्हें इंगोरिया के शासकीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है। बता दें कि इस वक्त बडऩगर से इंगोरिया मार्ग पर निर्माण कार्य चल रहा है।
थाना प्रभारी इंगोरिया दीपेश व्यास ने बताया कि उन्हेल इंगोरिया मार्ग पर जहांगीरपुर गांव के पास सडक़ चौड़ीकरण निर्माण का काम चल रहा है। जहां खाचरौद से इंदौर के लिए रवाना हुई बारातियों से भरी बस पलटी खा गई। बस में लगभग 50 से अधिक परिवार के सदस्य सवार थे जिसमें से 15 घायल हुए है। तत्काल ही उन्हें बस से निकलकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने सभी की हालत खतरे से बाहर होना बताई, पांच को ज्यादा चोट लगी थी जिसके चलते उन्हें उज्जैन चरक अस्पताल रेफर किया गया। घायलों में महिला, पुरुष बच्चे सभी शामिल है।
चीख पुकार के बीच आए मददगार…
बारातियों से भरी बस पलटने की सूचना पर आस पास के ग्रामीण मदद को आगे आए। पीडि़त परिवार खाचरौद के रहने वाले मोहम्मद शेरू पिता माजिद हुसैन के पुत्र वकार का निकाह होने पर बारात लेकर इंदौर जा रहा था। बच्चे और महिलाओं की चीख पुकार सुनाई देने लगी। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
