
इंदौर. रावजी बाजार थाना क्षेत्र में बुधवार रात हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने महज 3 घंटे में खुलासा कर दिया. चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्या का आरोपी मृतक का 12 साल पुराना करीबी दोस्त ही निकला, जिसने 3 लाख रुपए की उधारी के विवाद में उसे सरेराह मौत के घाट उतार दिया था.
डीसीपी आनंद कलादगी ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी को तीन घंटे के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया है, और प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह उधारी का विवाद सामने आया है. आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. ज्ञात हो कि हाथीपाला इलाके में बुधवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया था, जब पठान मोहल्ला निवासी फिरोज उर्फ कालू अंसारी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी थी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई थी. डीसीपी जोन 4 के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन कर तत्काल जांच शुरू की गई. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए तेजी से कार्रवाई की. इसका नतीजा यह रहा कि वारदात के मात्र तीन घंटे के भीतर ही आरोपी अरबाज खान को गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपी को रेलवे ट्रैक के पास से घेराबंदी कर पकड़ा, जहां वह भागने की फिराक में था. इस दौरान वह खुद भी घायल हो गया. पूछताछ में सामने आया कि चम्पाबाग में रहने वाला अरबाज खान और मृतक फिरोज के बीच लंबे समय से दोस्ती थी. अरबाज ने फिरोज को करीब 3 लाख रुपए उधार दिए थे, जिन्हें लौटाने को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद चल रहा था. बुधवार रात इसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ी और गुस्से में आकर अरबाज ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे फिरोज की मौके पर ही मौत हो गई थी. फिलहाल पुलिस इस हत्याकांड की एंगल पर से जांच कर रही है कि वारदात में आरोपी के साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या उसने अकेले ही इस खौफनाक घटना को अंजाम दिया था.
