कार ने एक्टिवा सवारों को उछाला, इकलौते बेटे की मौत

इंदौर. तुकोगंज थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने गुरुवार देर रात ऐसा कहर बरपाया कि एक परिवार का इकलौता सहारा छिन गया, जबकि दूसरे घर में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं. एमजी रोड पर हुए इस भीषण हादसे में एक्टिवा सवार युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है.

घटना गुरुवार देर रात एमजी रोड की है, जहां एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार नम्बर जीजे 06 एफके 2296 ने पीछे से एक्टिवा सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक करीब 30 फीट दूर जाकर फुटपाथ पर जा गिरे. मौके पर ही एक युवक ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. तुकोगंज थाना प्रभारी जितेन्द्र यादव ने बताया कि हादसे में खजराना निवासी 23 वर्षीय अनस अब्बासी की मौत हो गई. अनस पेशे से फोटोग्राफर था और अपने परिवार का इकलौता बेटा था. दो साल पहले पिता की मौत के बाद घर की पूरी जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी. वहीं हादसे में 32 वर्षीय घायल जुबेर के दोनों पैरों में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है. जुबेर कार डेकोरेशन का काम करता है और उसके परिवार में 20 दिन बाद शादी की तैयारियां चल रही थीं, जो अब हादसे के बाद थम गई हैं. सूचना मिलते ही तुकोगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया. जब पुलिस ने कार की जांच की, तो उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी होना सामने आया, जिससे मामला और गंभीर हो है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी ने फर्जी नंबर प्लेट क्यों लगाई थी और कहीं वह किसी अन्य आपराधिक गतिविधि में तो शामिल नहीं था. फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके खिलाफ सख्त धाराओं में प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.

Next Post

बस स्टैंड परिसर के दुकानों के छत पर लगी आग, दुकानदार एवं ननि के फायर बिग्रेड ने तत्काल आग पर पाया काबू

Fri Mar 27 , 2026
सिंगरौली। आज दिन शुक्रवार की देर शाम जिला मुख्यालय बैढ़न अंतरराज्यीय बस स्टैंड परिसर में स्थित कॉम्प्लेक्स से सटे दुकानों के छत पर अचानक आग लग गई। जहां धुंआ एवं आग के लपटो को देख स्थानीय दुकानदार एवं फायर बिग्रेड ने तत्काल आग पर काबू पा लिया, जिससे किसी भी […]

You May Like