अशरफ अली
भोपाल: होली के दूसरे दिन राजधानी भोपाल की नेहरू नगर पुलिस लाइंस में पुलिस की होली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस के जवानों और वरिष्ठ अधिकारियों ने एक साथ रंग-गुलाल लगाकर होली का उत्सव मनाया। कार्यक्रम में उत्साह और भाईचारे का माहौल देखने को मिला, जहां जवानों ने अपने अधिकारियों के साथ रंग खेलते हुए होली की शुभकामनाएं दीं।
आयोजन के दौरान पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर खुशियां साझा कीं और होली के पारंपरिक गीतों के बीच उत्सव का आनंद लिया। इस मौके पर वरिष्ठ अधिकारियों ने भी जवानों के साथ मिलकर होली खेली और सभी को सुरक्षित व शांतिपूर्ण त्योहार मनाने का संदेश दिया।कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस बल के भीतर आपसी भाईचारे और समन्वय को मजबूत करना था। पुलिस लाइंस में आयोजित इस होली मिलन समारोह में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। सभी ने रंगों के इस त्योहार को हर्षोल्लास के साथ मनाया और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।
