
रेहटी. चैत्र नवरात्रि पर देवी धाम सलकनपुर में आने वाले श्रद्धालुओं को असुविधा न हो इसका ध्यान रखते हुए तैयारियां जोरों पर है.
ज्ञात हो कि चैत्र नवरात्र 30 मार्च से प्रारंभ होकर 7 अप्रैल तक चलेंगे. देवी धाम सलकनपुर में पूर्व में हुई आगजनी की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए मंदिर पर दुकान संचालक, व्यापारियों को अग्निशमन यंत्र के बारे में आग बुझाने का प्रशिक्षण दिया गया एवं डेमोंस्ट्रेशन करके दिखाया गया. ताकि किसी प्रकार की आपदा व अनहोनी से निपटा जा सके.
देवीधाम तक पहुंचाएंगी 100 टैक्सियां
देवी धाम में सड़क मार्ग पर निजी वाहन को पूर्णत प्रतिबंधित कर दिया गया है. वहीं लगभग 100 टैक्सियां श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचाएगी. जिसको लेकर थाना प्रभारी, चौकी सलकनपुर प्रभारी नायब तहसीलदार ने टैक्सी संचालकों एवं ड्राइवर की बैठक ली. बैठक में शराब पीकर गाड़ी न चलाने, गाड़ी को नियंत्रित गति में चलने ओवरटेक न करने दर्शनार्थियों से शालीनता से पेश आने के दिशा निर्देश दिए. वहीं मोटर ट्रांसपोर्ट द्वारा सभी टैक्सियों का फिटनेस चेकअप किया गया जो गाडिय़ां फिटनेस मापदंड में खरी न उतरी उन गाडिय़ों को टैक्सी परमिट नहीं दिया गया. टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष प्रखर नायक ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर लगभग 100 टैक्सियों का फिटनेस चेकअप किया गया है.
