मत्स्य महासंघ की अधिकारी और कर्मचारी रिश्वत लेते रंगे गिरफ्तार

भोपाल, लोकायुक्त संगठन भोपाल की टीम ने रविवार को राजगढ़ जिला मत्स्य महासंघ की एक अधिकारी और एक आउटसोर्स कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार इंदौर के मछली व्यवसायी अनवर कादरी ने लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें राजगढ़ के कुंडलियां डैम में मत्स्य पालन का ठेका मिला है। इस ठेके के काम को बिना किसी बाधा के चलाने देने और झूठी कार्यवाही से बचाने के लिए जिला मत्स्य महासंघ की अधिकारी सुरेखा सराफ उन पर रिश्वत देने का दबाव बना रही थीं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया था कि रिश्वत न देने पर अधिकारी शासन को नकारात्मक रिपोर्ट भेजकर उनका टेंडर निरस्त करवा सकती हैं.

लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक दुर्गेश राठौर को जब यह शिकायत मिली तो उन्होंने मामले की प्रारंभिक जांच करवाई, जिसमें शिकायत सही पाई गई। इसके बाद रविवार 06 अप्रैल को पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर निरीक्षक रजनी तिवारी के नेतृत्व में एक विशेष ट्रेप दल का गठन किया गया।

लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी मुबारिक गौरी, जो कि मत्स्य महासंघ में आउटसोर्स कर्मचारी है, को आवेदक अनवर कादरी से एक लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों धर दबोचा। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और आगे की विधिक प्रक्रिया जारी है।

लोकायुक्त भोपाल ने आरोपियों सुरेखा सराफ और मुबारिक गौरी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

Next Post

नगर परिषद् पाटन के नवीन परिसीमन में ग्रामों की सूची जारी 

Sun Apr 6 , 2025
जबलपुर। नगर परिषद् पाटन के नए परिसीमन में ग्रामों की सूची जारी कर दी गई है। जानकारी के अनुसार कलेक्टर दीपक सक्सेना ने मध्यप्रदेश नगर पालिका अधिनियम 1961 (क्र. 37 सन् 1961) की धारा 5 (क) तथा 6 के अधीन प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुये राज्य शासन नगर परिषद […]

You May Like