सतना: शनिवार रात से रविवार सुबह तक हुई दो फायरिंग की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.नागौद तहसील के सिंहपुर रोड पर देर रात शराब ठेकेदार के गुर्गों ने स्कॉर्पियो से आकर हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाई. अवध रेसीडेंसी के पास चंचू सिंह के घर के बाहर हुए इस घटनाक्रम में बदमाश गाली-गलौज भी करते रहे. नागौद पुलिस ने मौके से 9 एमएम पिस्टल के खोखे बरामद कर जांच शुरू कर दी है. इस मामले में शराब ठेकेदार के मैनेजर अंकित ओझा का नाम सामने आ रहा है.
वहीं रविवार सुबह सतना शहर की चाणक्यपुरी कॉलोनी में व्यवसायी भागवत प्रसाद गुप्ता के घर पांच नकाबपोश घुसे और फायरिंग कर फरार हो गए. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच तेज कर दी है. घटनास्थल से तीन खोखे मिले हैं. पुलिस अधीक्षक ने विशेष टीम गठित कर साइबर सेल और सीएसपी को जांच सौंपी है. यह घटना गुप्ता पैलेस विवाद से जुड़ी मानी जा रही है, जिसकी सुनवाई 12 सितंबर को अदालत में तय है.
