सतना/मैहर:भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के डिप्टी डायरेक्टर जनरल (डीडीजी) संजय सोहनी ने शनिवार को मैहर जिले के विभिन्न लोक सेवा केंद्रों और आधार पंजीयन केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान स्टेट प्रोजेक्ट मैनेजर (एसपीएम) निकेत दीवान, प्रभारी जिला प्रबंधक ई गवर्नेंस राखी अग्रवाल और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी डायरेक्टर जनरल ने मैहर स्थित लोक सेवा केंद्र और शारदा ग्रामीण बैंक में संचालित आधार केंद्रों का जायजा लिया। इस दौरान मैहर जिला ई गवर्नेस समिति द्वारा लोक सेवा केंद्र में संचालित शासकीय आधार केंद्र, बीआरसी कार्यालय, शिक्षा विभाग के तहत संचालित शासकीय आधार मशीन देवी रोड एवं बैंक के तहत मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक आरकंडी अनुभाग मैहर का निरीक्षण कर व्यवस्था प्रबंधन सेवा सुविधा का गहन निरीक्षण किया गया।
उन्होंने वहां मौजूद तकनीकी उपकरणों, ऑपरेटरों की कार्य क्षमता और आम जनता को दी जा रही सुविधाओं का अवलोकन किया। डीडीजी ने केंद्रों पर आधार नामांकन और अपडेशन की प्रक्रिया को देखा। उन्होंने निर्देश दिए कि नागरिकों के दस्तावेजों की सुरक्षा और गोपनीयता का पूरा ध्यान रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आधार अपडेशन के नाम पर किसी भी नागरिक से अतिरिक्त शुल्क न लिया जाए और प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए।
स्टेट प्रोजेक्ट मैनेजर के साथ चर्चा करते हुए उन्होंने मैहर जिले में लंबित आधार आवेदनों की स्थिति जानी और उन्हें समय सीमा के भीतर निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं के साथ आधार सेवाओं का सुचारू संचालन प्राथमिकता होनी चाहिए ताकि ग्रामीणों को दूर न भटकना पड़े
