मुंबई, 16 अगस्त (वार्ता) बॉलीवुड के जाने-माने निर्देशक डेविड धवन आज 75 वर्ष के हो गये। 16 अगस्त 1951 को अगरतला में जन्मे डेविड धवन ने हास्य और पारिवारिक मनोरंजन से भरपूर फिल्मों के जरिये हिंदी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनायी। उनके पिता बैंक में मैनेजर थे और तबादले के बाद परिवार कानपुर आ गया। डेविड ने कानपुर में पढ़ाई पूरी की और बाद में पुणे स्थित फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया से फिल्म निर्माण की शिक्षा ली। इसके बाद वह मुंबई आ गये।
डेविड धवन ने बतौर निर्देशक वर्ष 1989 में प्रदर्शित फिल्म ‘आंधियां’ से अपने सिने करियर की शुरुआत की। इसी वर्ष उन्होंने ‘ताकतवर’ का निर्देशन किया, जिसमें संजय दत्त और गोविंदा मुख्य भूमिकाओं में थे। इसके बाद गोविंदा के साथ उनकी जोड़ी ने हिंदी सिनेमा में कॉमेडी और मनोरंजन का नया दौर शुरू किया।
वर्ष 1990 में प्रदर्शित ‘स्वर्ग’ डेविड धवन के करियर की महत्वपूर्ण फिल्मों में शामिल रही। राजेश खन्ना और गोविंदा अभिनीत इस फिल्म को दर्शकों ने पसंद किया। इसके बाद डेविड धवन ने हास्य, पारिवारिक भावनाओं और मनोरंजन को अपनी फिल्मों की खास पहचान बना लिया।
वर्ष 1993 में प्रदर्शित ‘आंखें’ उनके करियर की सबसे कामयाब फिल्मों में शामिल हुई। गोविंदा और चंकी पांडे की दोहरी भूमिकाओं से सजी इस फिल्म ने टिकट खिड़की पर शानदार सफलता हासिल की। फिल्म की सफलता के बाद डेविड धवन बॉलीवुड के प्रमुख कॉमेडी निर्देशकों में शुमार हो गये।
‘आंखें’ के बाद डेविड धवन और गोविंदा की जोड़ी ने ‘राजा बाबू’, ‘कुली नंबर वन’, ‘साजन चले ससुराल’, ‘हीरो नंबर वन’, ‘दीवाना मस्ताना’, ‘बड़े मियां छोटे मियां’, ‘दुल्हे राजा’, ‘हसीना मान जायेगी’ और ‘जोड़ी नंबर वन’ जैसी कई सफल फिल्में दीं। ‘नंबर वन’ शीर्षक वाली फिल्मों की लोकप्रियता ने डेविड धवन की पहचान को ‘इंटरटेनर नंबर वन’ के रूप में और मजबूत किया।
गोविंदा के अलावा डेविड धवन ने सलमान खान, संजय दत्त, अनिल कपूर, अक्षय कुमार, ऋषि कपूर और कई अन्य प्रमुख कलाकारों के साथ भी सफल फिल्में बनायीं। ‘शोला और शबनम’, ‘बोल राधा बोल’, ‘याराना’, ‘लोफर’, ‘बीवी नंबर वन’, ‘दुल्हन हम ले जायेंगे’, ‘मुझसे शादी करोगी’, ‘मैंने प्यार क्यों किया’, ‘पार्टनर’, ‘चश्मे बद्दूर’, ‘मैं तेरा हीरो’ और ‘जुड़वा 2’ उनकी चर्चित फिल्मों में शामिल हैं।
डेविड धवन ने वर्ष 2020 में अपने बेटे वरुण धवन और सारा अली खान को लेकर ‘कुली नंबर 1’ का निर्देशन किया। यह 1995 में प्रदर्शित उनकी इसी नाम की लोकप्रिय फिल्म का नया संस्करण था। मूल फिल्म में गोविंदा और करिश्मा कपूर की जोड़ी ने दर्शकों का मनोरंजन किया था।
डेविड धवन की हालिया फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ है। वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े अभिनीत यह फिल्म वर्ष 2026 में प्रदर्शित हुई है।
