सुकमा जंगल में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, नक्सलियों का विस्फोटक डंप बरामद

सुकमा, 09 फरवरी (वार्ता) छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों ने सुकमा जिले के जंगल-पहाड़ी इलाके से नक्सलियों का एक बड़ा विस्फोटक डंप बरामद करके उनके एक प्रमुख षड्यंत्र को नाकाम कर दिया है। रायगुडेम क्षेत्र में चलाए गए एक विशेष अभियान के दौरान सोमवार को 65 बीजीएल सेल और अन्य नक्सल सामग्री जब्त की गई है।

सुकमा पुलिस से सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार, नक्सलियों की गतिविधि की विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद एफ कंपनी, 223वीं वाहिनी क्यूएटी सीआरपीएफ और सुकमा जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने रायगुडेम कैंप से एक नक्सल विरोधी अभियान शुरू किया। ग्राम रायगुडेम और वाटेवागु नाला के बीच सघन जंगल में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक पहाड़ी ढलान पर नक्सलियों द्वारा सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के इरादे से छिपाकर रखा गया विस्फोटक सामग्री का भंडार (डंप) मिला। इसमें से 65 बीजीएल सेल और 2 पाउच बरामद किए गए।

इस सफल कार्रवाई को नक्सली रणनीति पर एक गंभीर प्रहार बताया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल करके नक्सली सुरक्षा बलों के खिलाफ कोई बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। सभी जवान कार्रवाई के बाद सुरक्षित अपने कैंप लौट आए।

इस घटना के बाद अधिकारियों ने कहा कि नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत जिले में लगातार चल रहे ऑपरेशनों से नक्सली संगठन को भारी नुकसान पहुंचा है और उन पर दबाव बना हुआ है। आने वाले दिनों में इन अभियानों को और तेज किया जाएगा। अधिकारियों ने एक बार फिर नक्सलियों से हिंसा का रास्ता छोड़कर शांति और विकास के मार्ग पर आने तथा ‘पूना मार्गम’ पुनर्वास योजना के जरिए मुख्यधारा में शामिल होने का आह्वान किया है।

 

Next Post

बॉम्बे उच्च न्यायालय राकांपा नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड मामले के आरोपी को दी जमानत

Tue Feb 10 , 2026
मुंबई (वार्ता) बॉम्बे उच्च न्यायालय ने सोमवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड मामले में आरोपी आकाशदीप करज सिंह को जमानत दे दी। वह इस मामले में पहला आरोपी है जिसे न्यायालय ने जमानत दी है। बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर, 2024 को बांद्रा में उनके कार्यालय […]

You May Like