शिवपुरी: यहां मेडिकल कॉलेज में भर्ती 13 महीने की बच्ची की समय पर खून नहीं मिलने के कारण मौत हो गई। बच्ची के पिता ने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। राजस्थान के बारा जिले के कस्बाथाना निवासी बबलू जाटव अपनी 13 महीने की बेटी नेहा जाटव को चार दिन पहले इलाज के लिए शिवपुरी मेडिकल कॉलेज लेकर आए थे। नेहा यहां भर्ती थी और उसका इलाज चल रहा था। बबलू जाटव ने बताया कि सोमवार शाम से लेकर मंगलवार सुबह तक बच्ची की हालत सामान्य थी। वह खाना लेने गए थे।
तभी डॉक्टरों ने उन्हें बुलाकर बताया कि बच्ची के शरीर में खून की कमी है और उसे तत्काल एबी पॉजिटिव ब्लड की आवश्यकता है। बबलू जाटव डॉक्टरों द्वारा दिया गया पर्चा लेकर पहले मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक पहुंचे, लेकिन वहां एबी पॉजिटिव ब्लड उपलब्ध नहीं था। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल के ब्लड बैंक भेजा गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर भी उन्हें आवश्यक ब्लड नहीं मिल सका।पिता का आरोप है कि वह बदले में खून देने के लिए भी तैयार थे, लेकिन कहीं से भी ब्लड की व्यवस्था नहीं हो पाई।
इसी दौरान उन्हें बेटी नेहा की मौत की सूचना दी गई। पीड़ित पिता का कहना है कि जब तक वह बच्ची के पास थे, उसकी हालत स्थिर थी। उनके बाहर निकलते ही अचानक खून की जरूरत बताई गई। मेडिकल कॉलेज से लेकर जिला अस्पताल तक चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें एबी पॉजिटिव ब्लड नहीं मिला और बेटी की जान चली गई।
