मक्सी :नगर में सोमवार को एक बेहद मार्मिक घटना ने पूरे नगर को भावुक कर दिया। मक्सी के पूर्व नगर परिषद उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन (वेदमूथा) के निधन के महज 20 घंटे बाद उनकी 100 वर्षीय माता राजूबाई वेदमूथा ने भी अंतिम सांस ले ली। इसके बाद मां और बेटे की अंतिम यात्रा एक साथ निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए और नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
जानकारी के अनुसार, नरेंद्र जैन (वेदमूथा) का रविवार सुबह हृदयाघात से निधन हो गया था। उनका पुत्र शहर से बाहर होने के कारण परिजनों ने अंतिम संस्कार सोमवार सुबह करने का निर्णय लिया था। इसी बीच रविवार देर रात उनकी 100 वर्षीय माता राजूबाई वेदमूथा का भी निधन हो गया। परिजनों के अनुसार वे अस्वस्थ थीं और बेटे के निधन के बाद गहरे सदमे में थीं।
सोमवार को एक ही घर से मां और बेटे की अर्थियां एक साथ निकलीं तो माहौल गमगीन हो गया। नगर के मुक्तिधाम में दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे नगर को भावुक कर दिया। अंतिम यात्रा में सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े अनेक लोगों सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने उपस्थित होकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
