भोपाल। राजा भोज एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 17 सितंबर से विशेष ‘यात्री सेवा अभियान’ शुरू किया जाएगा। 24 दिनों तक चलने वाला यह अभियान 10 अक्टूबर तक जारी रहेगा। अभियान के दौरान यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निराकरण पर जोर दिया जाएगा।
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, अभियान के तहत यात्री सुविधा से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। यात्रियों की सहायता, सुविधाओं की जानकारी और यात्रा के दौरान होने वाली परेशानियों को दूर करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
अभियान को लेकर 16 सितंबर को एयरपोर्ट पर प्रेस ब्रीफिंग आयोजित की गई, जिसमें विमानपत्तन निदेशक आलोक त्रिपाठी ने अभियान की रूपरेखा और यात्रियों को दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी दी।
इसके साथ ही 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक एयरपोर्ट पर विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। इस दौरान परिसर की स्वच्छता व्यवस्था बेहतर करने और यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर फोकस रहेगा।
