भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर में आयोजित सिद्धि बाला बोस पुस्तकालय संघ के शताब्दी वर्ष के समापन समारोह में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा सहित मंचासीन सभी अतिथियों का मध्य प्रदेश सरकार की ओर से आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन अनेक कारणों से अत्यंत सुखद और गौरवपूर्ण है।
विद्या की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती के पावन दिवस और ऋतुराज बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को हार्दिक मंगलकामनाएँ और शुभाशीष प्रदान किए। साथ ही, महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए सभी को बधाई दी।डॉ. यादव ने नेताजी के अमर उद्घोष तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूँगा को स्मरण करते हुए कहा कि यह नारा आज भी पूरे देश को प्रेरित करता है।
समारोह के दौरान धौलपुर स्टोन से निर्मित 11 फीट ऊँचे स्मारक का लोकार्पण किया गया, जो बंगाली समुदाय की कला, साहित्य, धर्म, भाषा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ 100 वर्षों की गौरवशाली यात्रा को समर्पित है।इसके साथ ही नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 8 फीट ऊँची प्रतिमा का भी अनावरण किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रतिमा नेताजी की वीरता, साहस और अद्वितीय शौर्य से आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेगी।
उन्होंने सिटी बंगाली क्लब के नाम से प्रसिद्ध इस लाइब्रेरी एसोसिएशन की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था कला, साहित्य, परंपरा और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में निरंतर अग्रणी भूमिका निभा रही है। इसकी ऐतिहासिक महत्ता इस बात से भी सिद्ध होती है कि स्वयं नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने यहां आगमन किया था।मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश की इस गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत और इस प्रतिष्ठित क्लब पर पूरे प्रदेश को गर्व है।
