
भोपाल। पुलिस अधीक्षक देहात रामशरण प्रजापति ने सोमवार को 15 लाख रूपए की कीमत के 77 गुम हुए मोबाइल फोन लोगों को सौंपे. एक साल से गुम फोन को बरामद करते हुए देहात पुलिस ने नए साल से पहले उनके मालिकों तक पहुंचाया. एसपी कार्यालय में मोबाइल फोन लेने पहुंचे लोगों के चेहरे खिले हुए नजर आए.
एसपी प्रजापति ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि देहात थाना इलाकों में लोगों ने मोबाइल फोन गुम होने के संबंध में आवेदन दिया था. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का विश्लेषण कर गुम मोबाइल फोन की सर्चिंग की. साल 2024 और 25 में गुम हुए मोबाइल फोन प्रकरणों को लेकर देहात पुलिस की तरफ से विशेष अभियान चलाया गया.
जिले के बिलखिरिया, बैरसिया, ईटखेडी, परवलिया-सडक, गुनगा, सूखी-सेवनिया और नजीराबाद थाना इलाके के लोग अपने गुम मोबाइल फोन लेने पहुंचे. मोबाइल पाने वाले धारक राहुल, कमलेश, जितेन्द्र, अरविन्द सहित लोगों ने इस मौके पर कहा कि लंबे समय के बाद उन्हें उनका खोया फोन मिला है. मोबाइल पाने वाले लोगों ने बताया कि मिले मोबाइल ठीक स्थिति में हैं. इस मौके पर एसडीओपी के साथ ही सभी देहात थानों के प्रभारी भी मौजूद रहे.
