
सीधी। शिक्षा केवल अच्छे अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं है बल्कि यह व्यक्ति के व्यक्तित्व और भविष्य को गढऩे का आधार है। पढ़ाई के साथ संस्कार, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और जिम्मेदारी की भावना भी जरूरी है। आज के विद्यार्थी ही भविष्य के निर्माता हैं। उनके भीतर अपार ऊर्जा और प्रतिभा है। जरूरत है कि वे अपनी ऊर्जा को सही दिशा देते हुए जीवन में लक्ष्य निर्धारित करें।
उक्त बातें प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मड़रिया में आयोजित मेधावी छात्र अलंकरण समारोह में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघ चालक पुष्पराज सिंह परिहार ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला सचिव एवं समिति के अध्यक्ष विजय सिंह परिहार और व्यवस्थापक द्वारिका प्रसाद गुप्ता, प्राचार्य कप्तान सिंह चौहान उपस्थित रहे। प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनके माता-पिता, गुरुजनों और विद्यालय परिवार के लिए भी गौरव का विषय है। सम्मान केवल उपलब्धि का प्रतीक नहीं बल्कि भविष्य में और बेहतर करने की प्रेरणा भी है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ संस्कार बहुत जरूरी हैं। शिक्षा व्यक्ति को ज्ञान प्रदान करती है लेकिन संस्कार उस ज्ञान का सही दिशा में उपयोग करना सिखाते हैं। विद्यार्थियों के भीतर नैतिक मूल्यों, अनुशासन, संवेदनशीलता, सेवा भावना और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना का विकास होना आवश्यक है। शिक्षा का उद्देश्य केवल व्यक्तिगत सफलता प्राप्त करना नहीं बल्कि ऐसे जिम्मेदार नागरिक तैयार करना है जो समाज और राष्ट्र के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकें। प्रभारी मंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए सबसे पहले अपना लक्ष्य निर्धारित करें। लक्ष्य स्पष्ट होगा तो मेहनत की दिशा भी स्पष्ट होगी।
समारोह में कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में प्रदेश स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली अनन्या वर्मा तथा नौवां स्थान प्राप्त करने वाली अनन्या विश्वकर्मा सहित सरस्वती विद्यालय परिवार के जिले की प्रवीण्य सूची में स्थान हासिल करने वाले कक्षा 10वीं एवं 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में स्वागत भाषण जिला सचिव विजय सिंह परिहार ने दिया। विद्यालय का प्रतिवेदन द्वारिका प्रसाद गुप्ता तथा पूर्व छात्र परिषद एवं कार्यक्रम की प्रस्तावना कार्यक्रम के संयोजक सुरेंद्र मणि दुबे ने प्रस्तुत की। अंत में विद्यालय के पूर्व छात्र उपेंद्र सिंह बघेल ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल और विभाग संचालक श्री परिहार सहित मंचासीन सभी अतिथियों को शाल श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह देकर पूर्व छात्र परिषद की ओर से सम्मानित किया गया।
००
सफलता केवल प्रतिभा से नहीं बल्कि संस्कारों से प्राप्त होती है: पुष्पराज
अध्यक्षीय उद्बोधन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संचालक पुष्पराज सिंह परिहार ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता केवल प्रतिभा से नहीं बल्कि अनुशासन, निरंतर परिश्रम और संस्कारों से प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्पित रहते हुए राष्ट्र और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
०००००००००००००
