
मंडला। जिले में अनाधिकृत रूप से और अत्यधिक ध्वनि स्तर पर डीजे बजाने वालों पर अब पुलिस की कड़ी नजर है। पुलिस अधीक्षक मंडला के निर्देश पर जिले में ऐसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में नैनपुर थाना पुलिस ने सोमवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बिना नंबर वाले पिकअप वाहन को जब्त किया।जानकारी के अनुसार, प्रतीक नारंग निवासी वार्ड क्रमांक 10, नैनपुर अपने वाहन में 14 बड़े काले रंग के साउंड बॉक्स लगाकर कस्बा नैनपुर बस स्टैंड पर अत्यधिक आवाज में डीजे बजा रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन को रोका और संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन चालक कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए ₹3000 का समन शुल्क वसूला और चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की गतिविधि दोहराए जाने पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। मंडला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित ध्वनि मर्यादा का पालन करें और बिना अनुमति डीजे संचालन से बचें, अन्यथा सख्त कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
