मालेवर दोहरे शतक के करीब, पाटीदार ने जड़ा शतक

बेंगलुरु 28 अगस्त (वार्ता) दानिश मालेवर (नाबाद 198) और रजत पाटीदार (125) की शतकीय पारियों तथा उनके बीच हुई 343 रनों की जर्बदस्त साझेदारी की बदौलत सेंट्रल जाेन ने गुरुवार को दलीप ट्रॉफी के क्वार्टरफाइनल में नार्थ ईस्ट जोन के खिलाफ खेलते हुए पहले दिन का खेल समाप्त होने के समय 77 ओवर में दो विकेट पर 432 रन का विशाल स्कोर बना लिया है।
नार्थ ईस्ट जोन ने आज यहां टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी सेंट्रल जोन की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने महज चार रन के स्कोर पर सलामी बल्लेबाज आयुष पांडेय का विकेट गंवा दिया। उन्हें आकाश चौधरी ने आउट किया।
इसके बाद बल्लेबाजी करने आये कप्तान रजत पाटीदार ने दानिश मालेवर के पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 343 रनों की साझेदारी हुई। इस दौरान दोनों बल्लेबाजों ने अपने-अपने शतक पूरे किये। 66वें ओवर में फिरोइजम सिंह ने रजत पाटीदार को अंकुर मलिक के हाथों कैच आउट कराकर नार्थ ईस्ट जोन को दूसरी सफलता दिलाई। रजत पाटीदार ने 96 गेंदों में 21 चौके और तीन छक्के लगाते हुए 125 रनों की पारी खेली।
दिन का खेल समाप्त होने के समय सेंट्रल जोन ने 77 ओवर में दो विकेट पर 432 रन बना लिये हैं और दानिश मालेवर नाबाद 198 रन और यश राठोर नाबाद 32 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद है। मालेवर ने अपनी पारी में 219 गेंदों का सामना किया और इस दौरान 35 चौके और एक छक्का भी लगाया। नार्थ ईस्ट जोन के लिए आकाश चौधरी और फिरोइजम सिंह ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
नार्थ जोन ने बनाये छह विकेट पर 308
एक अन्य क्वार्टरफाइनल में नार्थ जोन ने आयुष बदोनी (63) और कन्हैया वधावन (नाबाद 42) की पारियों की मदद से पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 308 रन बना लिये हैं।
ईस्ट जोन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी नार्थ जोन के लिए शुभम खजुरिया और कप्तान अंकित कुमार की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 49 रन जोड़े। 15वें ओवर में मनीषी ने अंकित कुमार (30) को पगबाधा आउटकर ईस्ट जोन को पहली सफलता दिलाई।
इसके बाद उन्होंने शुभम खजुरिया (26) को भी पगबाधा आउट कर पवेलियन भेज दिया। मनीषी का तीसरा शिकार यश ढुल (39) बने। यश ढुल और आयुष बदोनी के बीच तीसरे विकेट के लिए 67 रनों की साझेदारी हुई। 43वें ओवर में मुख्तार हुसैन ने आयुष बदोनी (60 गेंदों में 63 रन) को आउटकर बड़ी सफलता दिलाई। आयुष बदोनी ने अपनी पारी में सात चौके लगाये। निशांत सिंधु (47) और साहिल लूथरा 19 रन बनाकर आउट हुए।
बारिश के कारण दिन का खेल जल्दी समाप्त होने के समय नार्थ जोन ने 75.2 ओवर में छह विकेट पर 308 रन बना लिये थे और कन्हैया वधावन (नाबाद 42) और मयंक डागर (नाबाद 28) क्रीज पर मौजूद थै।
ईस्ट जोन की ओर से मनीषी ने 19 ओवर में 90 रन देकर तीन विकेट लिये। मोहम्मद शमी, सूरज सिंधु जायसवाल और मुख्तार हुसैन ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

Next Post

गुरप्रीत सिंह और अमनप्रीत सिंह ने 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल में भारत को दिलाया 1-2 फिनिश

Thu Aug 28 , 2025
शिमकेंट, 28 अगस्त (वार्ता) रियो डी जेनेरो ओलंपियन गुरप्रीत सिंह ने भारत को 16वीं एशियन शूटिंग चैंपियनशिप राइफल/पिस्टल/शॉटगन की 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक दिलाते हुए अमनप्रीत सिंह के साथ 1-2 फिनिश किया। इससे भारत की कुल पदकों की संख्या बढ़कर 82 हो गई, जिसमें 44 स्वर्ण, […]

You May Like