ग्वालियर: अखिल भारत वर्षीय जैन महिला परिषद, ग्वालियर शाखा की संस्थापक अध्यक्ष श्रीमती माधवी शाह को राष्ट्रीय अध्यक्ष चक्रेश जैन, राष्ट्रीय सचिव अनिल जैन एवं केंद्रीय अध्यक्ष महिला परिषद श्रीमती निर्मला जैन द्वारा मध्य प्रदेश प्रांत के अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर मनोनीत किया गया है।श्रीमती माधवी शाह ने यह मुकाम अपनी कड़ी मेहनत, लगन, कर्तव्यनिष्ठा एवं कर्मठता के बल पर प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से ग्वालियर महिला परिषद में उत्साह एवं उल्लास का वातावरण है।
परिषद की सभी सदस्यों ने उन्हें अनेकानेक बधाइयाँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर प्रगति की कामना की है। मध्य प्रदेश प्रांत के अंतर्गत 16 संभागों में महिला परिषद की कुल 175 शाखाएँ सक्रिय हैं, जिनसे लगभग 6000 सदस्य जुड़ी हुई हैं। अब इन सभी का नेतृत्व माधवी शाह प्रांतीय अध्यक्ष के रूप में करेंगी। परिषद को पूर्ण विश्वास है कि वे अपनी कर्तव्यनिष्ठा, सेवा भावना एवं दूरदर्शिता से इस वटवृक्ष को और अधिक सशक्त एवं विशाल रूप प्रदान करेंगी तथा केंद्र व राष्ट्र स्तर पर महिला परिषद को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएँगी।
