नागौद में अतिवृष्टि प्रभावित परिवारों को शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में किया शिफ्ट

सतना :जिले में लगातार हो रही वर्षा एवं अतिवृष्टि को देखते हुए प्रशासन और नगर परिषद द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव की तैयारियां लगातार जारी हैं। नागौद नगर क्षेत्र में अतिवृष्टि के कारण प्रभावित परिवारों को नगर परिषद द्वारा सुरक्षित स्थान पर पहुंचाते हुए कांजी हाउस स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में शिफ्ट कराया गया है। प्रभावित परिवारों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उनके ठहरने के साथ ही आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में ठहराए गए प्रभावित परिवारों के लिए नगर परिषद द्वारा नाश्ते एवं भोजन की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही आवश्यकतानुसार अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की गई है।

राहत स्थल पर कर्मचारियों को तैनात कर प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं पर लगातार नजर रखी जा रही है। नगर परिषद नागौद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने अतिवृष्टि की स्थिति को देखते हुए नदी के तटीय इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर जलस्तर एवं प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया तथा सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। सीएमओ ने अधीनस्थ कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने राहत स्थल पर भोजन, पेयजल, साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं निरंतर बनाए रखने के निर्देश भी दिए। अतिवृष्टि एवं जलभराव की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से पोंडी मार्ग पर बैरिकेडिंग की गई है। संवेदनशील मार्ग पर आवागमन को नियंत्रित करते हुए लोगों को सुरक्षित आवागमन के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। प्रशासन एवं नगर परिषद द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि अतिवृष्टि के दौरान नदी, नालों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्रवाई तत्काल की जाएगी।

Next Post

कृषि विस्तार अधिकारियों का आंदोलन जारी, भोपाल के अंबेडकर पार्क में धरना-प्रदर्शन

Sat Aug 22 , 2026
सतना: मध्यप्रदेश कृषि विस्तार अधिकारी संघ ने शुक्रवार को राजधानी भोपाल के अंबेडकर पार्क में अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कृषि विस्तार अधिकारी, आत्मा परियोजना और सीड सर्टिफिकेशन से जुड़े कर्मचारी प्रदर्शन में शामिल हुए। अधिकारियों ने शासन से मांगों […]

You May Like