सतना: मध्यप्रदेश कृषि विस्तार अधिकारी संघ ने शुक्रवार को राजधानी भोपाल के अंबेडकर पार्क में अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कृषि विस्तार अधिकारी, आत्मा परियोजना और सीड सर्टिफिकेशन से जुड़े कर्मचारी प्रदर्शन में शामिल हुए। अधिकारियों ने शासन से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
जानकारी के अनुसार संघ की प्रमुख मांगों में कृषि विस्तार अधिकारियों को 2800 ग्रेड-पे का लाभ देना शामिल है। यह मांग लंबे समय से लंबित है, लेकिन अब तक इसका समाधान नहीं हो सका है। इसके साथ ही ई-अटेंडेंस की अनिवार्यता समाप्त करने सहित अन्य सेवा संबंधी समस्याओं के निराकरण की मांग भी उठाई गई। कृषि विस्तार अधिकारियों ने पटवारियों की तर्ज पर एग्रीस्टेक भत्ता देने की मांग भी रखी। कृषि विभाग के मैदानी अधिकारी किसानों और फसलों से संबंधित विभिन्न जानकारियां ऑनलाइन दर्ज करने का काम करते हैं। फसल प्रदर्शन, मिट्टी परीक्षण और अन्य विभागीय गतिविधियों का डाटा भी ऑनलाइन अपडेट किया जाता है। ऐसे में उन्हें एग्रीस्टेक से संबंधित कार्यों के लिए भत्ता दिया जाना चाहिए।
