वियतनाम में तूफान बुआलोई ने दी दस्तक, कई इलाकों में तेज हवाएं और भारी बारिश

हनोई, 29 सितंबर (वार्ता) तूफान बुआलोई ने साेमवार सुबह मध्य वियतनाम में दस्तक दे दी, जिससे अनेक क्षेत्रों में तेज हवाएँ और मूसलाधार बारिश शुरू हो गयी है।

वियतनाम के राष्ट्रीय जल-मौसम विज्ञान पूर्वानुमान केंद्र के उप निदेशक डॉ. होआंग फुक लाम ने तूफान बुआलोई के मद्देनजर आज दोपहर से 30 सितंबर तक उत्तरी डेल्टा फु थो और दक्षिणी प्रांतों सोन ला, लाओ कै और थान होआ में बहुत भारी बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है। श्री लाम ने कहा इसके असर से कुल वर्षा 100-200 मिमी और स्थानीय स्तर पर 300 मिमी से अधिक होगी।

उन्होंने 150 मिमी/तीन घंटे से अधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है। उत्तर वियतनाम के अन्य स्थानों में मध्यम, भारी और कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। कुल वर्षा 70 से 150 मिमी के बीच तथा स्थानीय स्तर पर 200 मिमी से अधिक हो सकती है।

इसके अलावा निचले, पहाड़ी और मध्य-भूमि क्षेत्रों में अचानक बाढ़, भूस्खलन और व्यापक सैलाब आने का खतरा बहुत अधिक बना हुआ है।

वियतनाम के अन्य हिस्सों में 27 और 28 सितंबर को तूफान बुआलोई के दौरान तेज हवाओं ने कई इलाकों में तबाही मचाई थी और कई जगहों पर मूसलाधार बारिश भी हुई। वियतनाम के क्वांग त्रि, ह्यू और दा नांग इलाके तूफान बुआलोई के असर से ज्यादा प्रभावित रहे।

वियतनाम के प्रधानमंत्री चीन्ह ने अपने सहयोगी नेताओं को प्रभावित क्षेत्रों पर कड़ी नजर रखने, सुरक्षा की गारंटी मिलने तक लोगों को घर वापस लौटने से रोकने और शिविर केंद्रों पर पर्याप्त उचित आपूर्ति सुनिश्चित कराने का आदेश दिया है।

इसके अलावा प्रधानमंत्री ने बांधों और जलाशयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और खोज एवं बचाव कार्य के लिए तैयार रहने के लिये सुरक्षा बलों की व्यवस्था करने को कहा है।

Next Post

नवरात्र का उत्साह, भव्य चुनरी यात्रा और शहर भर में प्रतिमा स्थापना

Mon Sep 29 , 2025
विदिशा: शारदीय नवरात्र का पर्व जिलेभर में धूमधाम से मनाया जा रहा है। मां भगवती के मंदिरों में सुबह-शाम श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है. शाम को झांकियों का आयोजन हो रहा है, जिनमें बड़ी संख्या में लोग भाग ले रहे हैं. शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में माता रानी को […]

You May Like