प्रवीण नेट्टारू हत्याकांड में एनआईए का शिकंजा सख्त, दो भगोड़े गिरफ्तार

बेंगलुरु, (वार्ता) राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने 2022 के भाजपा युवा मोर्चा नेता प्रवीण नेट्टारू हत्याकांड के मुख्य फरार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर इस नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है।

इसके साथ ही इस हाई-प्रोफाइल मामले में कुल गिरफ्तारियों की संख्या बढ़कर 24 हो गयी है।

एजेंसी ने बताया कि लगभग चार वर्ष से फरार चल रहे अब्दुल नासिर पी उर्फ नासिर और नौशाद को शनिवार को आंध्र प्रदेश पुलिस से मिली सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर चलाये गये एक अंतरराज्यीय अभियान के तहत क्रमशः केरल के कोच्चि और तमिलनाडु के होसुर से गिरफ्तार किया गया।

एनआईए के अनुसार, दोनों के खिलाफ श्री नेट्टारू की हत्या में शामिल मुख्य हमलावरों को पनाह देने के मामले में आरोप-पत्र दाखिल किया गया था।

बेंगलुरु स्थित एनआईए विशेष अदालत की ओर से जारी लुक आउट सर्कुलर (एलओसी), ओपन-एंडेड वारंट और चार-चार लाख रुपये के नकद इनाम के बावजूद वे अब तक गिरफ्त से बाहर थे।

एजेंसी ने कहा कि यह गिरफ्तारी जांच में बड़ी सफलता है, हालांकि तलाश अभी खत्म नहीं हुई है। तीन अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।

भाजपा युवा मोर्चा के जिला कार्यकारिणी सदस्य श्री नेट्टारू की 26 जुलाई 2022 की रात दक्षिण कन्नड़ जिले के बेल्लारे गांव के मस्तीकट्टे में उनकी मुर्गी पालन की दुकान के बाहर धारदार हथियारों से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गयी थी।

जांचकर्ताओं ने बताया कि मोटरसाइकिल सवार तीन हमलावरों ने उन पर घातक हथियारों से हमला किया और फरार हो गये, जिससे तटीय कर्नाटक में भारी आक्रोश और सांप्रदायिक तनाव फैल गया था।

राष्ट्रीय स्तर पर ध्यान खींचने वाले और राज्य में उग्रवादी हिंसा पर राजनीतिक बहस तेज करने वाले इस मामले को बाद में एनआईए को सौंप दिया गया था। एजेंसी का आरोप है कि यह हत्या बड़ी आपराधिक साजिश के तहत प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के कैडर ने की थी।

अब तक 24 आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ, एनआईए ने कहा है कि बाकी बचे भगोड़ों का पता लगाने और उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

 

Next Post

पैसों का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश, आरोपी गया जेल

Mon Jul 13 , 2026
जबलपुर: रांझी थाना अंतर्गत बिलपुरा मढई में पैसों का प्रलोभन देकर जबरन धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश की गई। विदेशी फंडिंग का दावा कर आरोपी ने महिला को लालच दिया कि तुम अपना धर्म बदल लो, मैं 5,000 रुपये नकद दूंगा। अगर तुम अपने साथ दूसरे लोगों को भी धर्म […]

You May Like