
इंदौर. शंकरबाग में 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. बुधवार दोपहर खाना खाने के बाद वह लैपटॉप लेकर मीटिंग का कहकर घर की पहली मंजिल पर बने कमरे में गया था. देर शाम पत्नी वहां पहुंचीं तो वह फंदे पर लटका मिला, पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है.
धीरज रसाले पीथमपुर स्थित आयशर ऑटोमोबाइल कंपनी में काम करते थे. परिजनों ने बताया कि बुधवार दोपहर तक उनकी सभी से सामान्य बातचीत हुई थी. इसके बाद वे कमरे में चले गए। देर शाम पत्नी के ऊपर पहुंचने पर घटना का पता चला. धीरज की शादी करीब एक साल पहले हुई थी. परिवार में पत्नी, मां और छोटी बहन हैं. उनके पिता की करीब 17 साल पहले मृत्यु हो गई थी. पुलिस ने मोबाइल जब्त कर जांच शुरू की है, फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चला है, पुलिस मामले में जांच कर रही है.
