श्री क्षेत्र बेरडी बना छोटा पंढरपुर, दहिलाही की अनूठी परंपरा के साथ अखंड हरिनाम सप्ताह संपन्न

सौंसर, पांडुरंग हरी… विट्ठल हरी… जय हरि विट्ठल” के भक्तिमय जयघोष से श्री क्षेत्र बेरडी की पावन धरा सात दिनों तक गुंजायमान रही। ग्राम बेरडी स्थित श्री विट्ठल-रुक्मिणी मंदिर में आयोजित अखंड हरिनाम सप्ताह एवं श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ महोत्सव का समापन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ हुआ। इस भव्य धार्मिक महोत्सव में लाखों श्रद्धालुओं ने भगवान श्री विट्ठल-रुक्मिणी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं की अपार भीड़ और चारों ओर गूंजते हरिनाम संकीर्तन के बीच पूरा क्षेत्र मानो ‘छोटा पंढरपुर’ में तब्दील हो गया।

​गुरुवार को दहिलाही के समापन अवसर पर हभप. बालकृष्ण दादा वसंतगडकर महाराज ने हरिनाम संकीर्तन, ईश्वर भक्ति, सदाचार और मानव सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज में प्रेम, समानता और सद्भाव बनाए रखने का पावन संदेश दिया।

​इस अवसर पर छिंदवाड़ा-पांढुर्णा संसदीय क्षेत्र के सांसद विवेक बंटी साहू, पूर्व मंत्री नानाभाऊ मोहोड, महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री सुनील केदार, जिला भाजपा अध्यक्ष संदीप मोहोड, संत विवेक महाराज, युवा नेता राहुल मोहोड, विधायक विजय रेवनाथ चौरे तथा चमत्कारिक श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट कमेटी अध्यक्ष गोपाल शर्मा सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों ने श्री विट्ठल-रुक्मिणी मंदिर पहुंचकर शीश नवाया। आयोजन में सभी आगंतुकों का स्वागत राधेश्याम सुदा एवं वारकरी संप्रदाय के प्रतिनिधियों ने किया।

 *​दहिलाही की वर्षा और विशाल भंडारा* 

​श्री क्षेत्र बेरडी में दशकों पुरानी परंपरा के अनुसार मंदिर की छत से श्रद्धालुओं पर दहिलाही की वर्षा की गई। इस पारंपरिक धार्मिक रस्म के दौरान उपस्थित जनसैलाब में विशेष उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला। पीढ़ियों से चली आ रही यह अनूठी परंपरा इस आयोजन की विशिष्ट पहचान और क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक-धार्मिक विरासत का प्रतीक मानी जाती है। इसी क्रम में विभिन्न समाज बंधुओं द्वारा विशाल भंडारों का आयोजन कर श्रद्धालुओं को भोजन प्रसादी वितरित की गई। समाजजनों, सेवाधारियों और वारकरी बंधुओं ने पूर्ण सेवा और समर्पण भाव से अपनी सहभागिता निभाई।

 *​प्रशासन और युवाओं ने संभाली व्यवस्था* 

​समारोह में लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए विशेष रूप से निःशुल्क परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। जिला कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ एवं पुलिस अधीक्षक विदिता डागर के निर्देश पर एसडीएम सिद्धार्थ पटेल व एसडीओपी प्रियंका पांडे ने सुरक्षा एवं यातायात की पुख्ता कमान संभाली। वहीं, स्थानीय युवाओं ने दर्शन व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और अन्य सेवा कार्यों में सक्रिय सहयोग देकर मिसाल पेश की।

​हरिनाम संकीर्तन, दहिलाही की पारंपरिक रस्म, भंडारों की अटूट सेवा और बहरहाल श्रद्धालुओं की अगाध आस्था के साथ श्री क्षेत्र बेरडी का यह अखंड हरिनाम सप्ताह वारकरी परंपरा और सामूहिक भक्ति का अनुपम उदाहरण बनकर संपन्न हुआ।

Next Post

रयबाकिना ने यूलिया पुतिनत्सेवा को हराकर साल के अंत की महिला विश्व नंबर 1 रैंकिंग हासिल की

Thu Oct 29 , 2026
टोक्यो, 29 अक्टूबर (वार्ता) कजाकिस्तान की एलिना रयबाकिना ने गुरुवार को पैन पैसिफिक ओपन के राउंड ऑफ 16 में यूलिया पुतिनत्सेवा को आसानी से हरा दिया। इसके साथ ही, उन्होंने अपने करियर में पहली बार महिला टेनिस में साल के आखिर की वर्ल्ड नंबर वन रैंकिंग हासिल कर ली। आज […]

You May Like