छतरपुर। जुझारनगर थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने ही ससुर पर छेड़खानी के आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने मंगलवार, 30 दिसंबर को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में आवेदन देकर पूरे मामले की शिकायत की।
महिला ने अपने आवेदन में बताया कि उसके ससुर लंबे समय से उसके साथ अभद्र व्यवहार और छेड़खानी कर रहे हैं। इस संबंध में उसने पहले जुझारनगर थाने में शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। थाने से कोई ठोस कार्रवाई न होने के कारण पीड़िता मानसिक रूप से परेशान है और उसे अपने साथ किसी अनहोनी की आशंका भी बनी हुई है।
न्याय न मिलने पर मजबूर होकर महिला ने कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंचकर पूरे मामले से प्रशासन को अवगत कराया और निष्पक्ष जांच व सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो उसके लिए ससुराल में रहना मुश्किल हो जाएगा।
जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों ने आवेदन स्वीकार कर संबंधित विभाग को जांच के निर्देश दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन और पुलिस इस संवेदनशील मामले में कितनी जल्दी और निष्पक्ष कार्रवाई करती है। मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
