पैसों का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश, आरोपी गया जेल

जबलपुर: रांझी थाना अंतर्गत बिलपुरा मढई में पैसों का प्रलोभन देकर जबरन धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश की गई। विदेशी फंडिंग का दावा कर आरोपी ने महिला को लालच दिया कि तुम अपना धर्म बदल लो, मैं 5,000 रुपये नकद दूंगा। अगर तुम अपने साथ दूसरे लोगों को भी धर्म परिवर्तन के लिए लेकर आओगी, तो प्रति व्यक्ति 3,000 रुपये का कमीशन अलग से दिया जाएगा। रांझी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भारती कॉलोनी, बिलपुरा मढई रांझी की निवासी पिंकी बेन पति हुकुम चंद बेन (37) की इंदिरा नगर में रहने वाली उनकी परिचित लक्ष्मी विश्वकर्मा आंटी के माध्यम से उनकी मुलाकात बोर्टन फिलिप नाम के व्यक्ति से हुई थी। वह व्यक्ति अक्सर इंदिरा नगर आता था और उसी दौरान उसने पिंकी के परिवार से भी जान-पहचान बढ़ा ली थी। मढ़ई श्रीकांत चक्की के पास स्थित एक मकान में रहता है। इस घर में केवल एक मंदबुद्धि लडक़ी रहती है। मकान मालिक की मौत हो चुकी है। बोर्टन फिलिप ने इस लाचारी का फायदा उठाकर उस मकान पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है।

आरोपी वहां हर रविवार को भोले-भाले लोगों की भीड़ एकत्रित करता है और उन्हें सनातन धर्म के खिलाफ भडक़ाकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए ब्रेनवॉश करता है। बोर्टन फिलिप ने पिंकी को इसी कब्जे वाले मकान में मिलने के लिए बुलाया था। जब पीडि़ता वहां पहुंची, तो आरोपी ने सीधे तौर पर धर्म परिवर्तन का प्रस्ताव रख दिया। आरोपी ने लालच देते हुए कहा, तुम अपना धर्म बदल लो, मैं तुम्हें तुरंत 5,000 रुपये नकद दूंगा। यही नहीं, अगर तुम अपने साथ दूसरे लोगों को भी धर्म परिवर्तन के लिए लेकर आओगी, तो प्रति व्यक्ति 3,000 रुपये का कमीशन अलग से दिया जाएगा।
विदेशी फंडिंग, पद दिलवाएंगे, जल्द चर्च बनाने का दावा
आरोपी बोर्टन फिलिप ने पीडि़ता को पूरी तरह अपने जाल में फंसाने के लिए अपनी ऊंची पहुंच और विदेशों से पैसा आने का रोब झाड़ा। उसने दावा किया कि पैसों की कोई कमी नहीं है। तुम लोगों को पूरी सुरक्षा दी जाएगी। हम तुम्हें अपने बड़े पदाधिकारियों से मिलवाकर संस्था में बड़ा पद भी दिलवाएंगे। आरोपी ने यह भी कहा कि वह बहुत जल्द इस मकान को एक चर्च का रूप देने जा रहा है। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जिसे न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया है ।

Next Post

उम्मीदों और अवसरों से भरा भारत

Mon Jul 13 , 2026
रविवार को विश्व उम्मीद दिवस मनाया गया, इस बार यह दिवस ऐसे समय आया है, जब भारत की विकास यात्रा को लेकर दुनिया की नजरें पहले से कहीं अधिक गंभीरता से टिकी हुई हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया न्यूजीलैंड यात्रा के दौरान वहां के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सर का यह […]

You May Like

Play sound