
इंदौर। खुड़ैल थाना क्षेत्र के ग्राम काजी पलासिया में दीवार में कील ठोकने से मना करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया. गुस्साए पिता पुत्र ने पड़ोसी के सिर पर हथौड़ी से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
फरियादी जगदीश जाटव निवासी दयालु नगर, ग्राम काजी पलासिया ने शिकायत में बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाले राजेश जाटव और उसका बेटा चिन्टू दीवार में कील ठोक रहे थे. जगदीश ने दीवार को नुकसान होने की बात कहकर उन्हें ऐसा करने से मना किया. इसी बात पर दोनों आरोपी भड़क गए और गाली गलौज करने लगे. विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने जगदीश पर हमला कर दिया. इस दौरान राजेश और चिन्टू ने हथौड़ी से उनके सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और सिर से खून बहने लगा. घटना के बाद परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने घायल की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है.
