कैरिबियन सागर में नशीली दवाओं की कथित तस्करी करने वाले नाव पर अमेरिकी हमले में दो की मौत

वाशिंगटन, 05 मई (वार्ता) कैरिबियन सागर में नशीली दवाओं की कथित तस्करी करने वाले एक नाव पर अमेरिकी सेना के हमले में दो लोगों की मौत हो गयी है। अमेरिकी सेना के दक्षिण कमान (साउथकॉम) के अनुसार, नशीली दवाओं को ले जाने वाले एक संदिग्ध नाव पर किए गए घातक हमले में दो लोग मारे गए हैं। यह सैन्य अभियान चार मई को जनरल फ्रांसिस एल डोनावन के निर्देशन में चलाया गया। अधिकारियों ने बताया कि ‘ज्वाइंट टास्क फोर्स साउदर्न स्पीयर’ ने उस नाव को निशाना बनाया जिसके बारे में जानकारी मिली थी कि वह प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों से जुड़ी है और ड्रग्स तस्करी के रास्ते पर जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में किसी भी अमेरिकी सैनिक को चोट नहीं आई है।
यह ताजा कार्रवाई ट्रंप प्रशासन द्वारा लैटिन अमेरिका में ‘नार्को-टेररिज्म’ के खिलाफ सितंबर से चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। कैरिबियन और पूर्वी प्रशांत क्षेत्र में फैले इस अभियान में अब तक कम से कम 188 लोग मारे जा चुके हैं।

हालांकि, अमेरिकी सेना ने अभी तक सार्वजनिक रूप से ऐसे सबूत पेश नहीं किए हैं जिनसे यह पुष्टि हो सके कि निशाना बनाए गए जहाजों में नशीली दवाएं मौजूद थीं। भले ही इस समय दुनिया का ध्यान पश्चिमी एशिया के संघर्ष पर है, लेकिन पिछले कुछ हफ्तों में इस तरह के हमलों की संख्या में वृद्धि हुई है। इससे यह संकेत मिलता है कि पश्चिमी गोलार्द्ध में अमेरिका के नशीली दवाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान उसकी प्राथमिकता बने हुए हैं।

इस अभियान की शुरुआत क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य जमावड़े के साथ हुई थी। इससे पहले जनवरी में एक बड़े ऑपरेशन के दौरान वेनेजुएला के नेता निकोलस मादुरो को ड्रग तस्करी के आरोपों में पकड़ा गया था, हालांकि उन्होंने खुद को निर्दोष बताया है। अमेरिका कैरिबियन क्षेत्र में अपनी सैन्य मौजूदगी को ड्रग तस्करी के खिलाफ लड़ाई के रूप में सही ठहराता रहा है। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने नवंबर 2025 में मध्य अमेरिका के ड्रग कार्टेल को निशाना बनाने के लिए ‘ऑपरेशन साउदर्न स्पीयर’ शुरू करने की घोषणा की थी।

.....

Next Post

कोलंबिया में खदान धंसने से नौ लोगों की मौत

Tue May 5 , 2026
बोगोटा, 05 मई (वार्ता) कोलंबिया में सुताताउसा नगरपालिका स्थित ‘ला सिस्कुडा’ खदान में हुए हादसे में नौ लोगों की मौत हो गयी है। नेशनल माइनिंग एजेंसी (एएनएम) ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एजेंसी ने पुष्टि की है कि इस घटना में नौ लोगों की मौत हो गयी और छह […]

You May Like