
सीधी। कोतवाली पुलिस ने 1 लाख की सनसनीखेज लूट का महज 48 घंटों में खुलासा करते हुए शातिर गिरोह के सदस्य पुलिस अभिरक्षा मे लेने में बड़ी सफलता पाई है।
सीसीटीवी फुटेज एवं व्यावसायिक दक्षता से आरोपियों को चिन्हित कर दबिश दी गई ।कोतवाली पुलिस की सक्रियता से लूटे गए एक लाख नगद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई । कोतवाली पुलिस की पूंछताछ में चुरहट और सेमरिया क्षेत्र की घटनाओं का भी इनपुट प्राप्त हुआ है और अन्य थानों की कार्यवाही जारी है। पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध एक बड़ी कार्यवाही की है। शहर में हुई लूट की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए कोतवाली पुलिस ने अपराधियों के सक्रिय नेटवर्क को ध्वस्त करने में सफलता प्राप्त की है।
चिन्हांकन एवं योजनाबद्ध गिरफ्तारी-
दिनांक 12 मार्च को फरियादी लालमणि सिंह के साथ हुई 1 लाख रुपये की लूट की घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश अनुसार थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गईं। कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज एवं अपनी व्यावसायिक दक्षता एवं मुखबिर तंत्र का उपयोग करते हुए संदिग्धों को चिन्हित किया। आरोपियों की पहचान सुनिश्चित होने के पश्चात कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर सघन छापेमारी की। इस कार्यवाही के दौरान मुख्य आरोपियों सचिन लोनिया उम्र 20 वर्ष निवासी हटवा खास, थाना कमर्जी, आदित्य विश्वकर्मा उम्र 18 वर्ष 06 माह निवासी हटवा बरहा टोला, थाना कमर्जी और 01 विधि विरुद्ध बालक को पकड़ा गया। तलाशी में इनके पास से कोतवाली क्षेत्र से लूटे गए पूरे 1 लाख नगद और घटना में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद की गई।
अन्य थानों की घटनाओं का खुलासा-
पकड़े गए आरोपियों से जब कोतवाली पुलिस ने पेशेवर तरीके से पूछताछ की, तो उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने थाना चुरहट एवं थाना सेमरिया क्षेत्र में भी लूट व झपटमारी की घटनाओं को अंजाम दिया है। कोतवाली पुलिस द्वारा प्राप्त इन महत्वपूर्ण जानकारियों और इनपुट के आधार पर थाना चुरहट एवं थाना सेमरिया पुलिस द्वारा भी वैधानिक कार्यवाही व विवेचना की जा रही है। उक्त थानों की कार्यवाही पूर्ण होने पर शीघ्र ही उनका पृथक से खुलासा किया जाएगा।
सराहनीय कार्य-
इस त्वरित सफलता और 1 लाख रुपये की शत-प्रतिशत बरामदगी के लिए पुलिस अधीक्षक सीधी ने थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय एवं उनकी टीम उप निरीक्षक राजमणि वर्मा, प्रआर रणबहादुर, आनंद शर्मा, तिलकराज सिंह एवं आरक्षक बालेंद्र सिंह, राजकुमार मिश्रा, आजाद खान, प्रदीप मिश्रा की उत्कृष्ट कार्यकुशलता की प्रशंसा करते हुए उन्हें उचित पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
