लक्ष्य, सात्विकसाईराज-चिराग मकाऊ ओपन में करेंगे भारतीय टीम की अगुवाई

नयी दिल्ली (वार्ता) भारत के स्टार लक्ष्य सेन और शीर्ष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी-चिराग शेट्टी मंगलवार से शुरू हो रहे मकाऊ ओपन 2025 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की टीम की अगुवाई करेंगे।

लक्ष्य सेन इस साल अपनी फॉर्म से जूझ रहे हैं। वह बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर सीजन को पीछे छोड़ नई शुरुआत का प्रयास करेंगे। इस साल उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन मार्च में ऑल इंग्लैंड ओपन में आया था, जहां वह क्वार्टरफाइनल तक पहुंचने में सफल रहे थे। इस सीजन में उन्हें दो बार दूसरे राउंड और छह बार पहले ही राउंड में हार का सामना किया है।

दूसरी वरीयता प्राप्त भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन के साथ पुरुष एकल में एचएस प्रणॉय, ऋत्विक संजीव, सतीश करुणाकरण, थरुण मणिपल्ली, शंकर सुब्रमणियन, किरण जॉर्ज और आयुष शेट्टी भी शामिल हैं। सातवीं वरीयता प्राप्त आयुष शेट्टी ने पिछले महीने यूएस ओपन जीतकर भारत को इस साल का इकलौता बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब दिलाया है।

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु की गैरमौजूदगी में, महिलाओं के एकल ड्रॉ में वर्ल्ड नंबर 35 उन्नति हुड्डा भारत की सबसे बेहतर रैंकिंग वाली खिलाड़ी हैं। उन्नति ने पिछले हफ्ते चाइना ओपन में पीवी सिंधु को हराकर क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई थी। उनके साथ अनुपमा उपाध्याय, रक्षिता रामराज और आकर्षी कश्यप भी खेलेंगी।

पुरुष युगल में ‘ब्रदर्स ऑफ डिस्ट्रक्शन’ के नाम से मशहूर, भारत की सबसे मजबूत जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी मकाऊ में सेमीफाइनल की बाधा पार करने की कोशिश करेंगे। दूसरी वरीयता प्राप्त यह जोड़ी इस साल चार बार सेमीफाइनल में हार चुकी है।

कॉमनवेल्थ गेम्स की कांस्य पदक विजेता त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद महिलाओं के युगल में शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी हैं। इस वर्ग में प्रिया कोंजेंगबम-श्रुति मिश्रा और अपूर्वा गहलावत-साक्षी गहलावत की जोड़ियां भी हिस्सा ले रही हैं। मिश्रित युगल में भारत की ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की जोड़ी है, जो रैंकिंग में 18वें स्थान पर है। वह ड्रॉ में पांचवीं वरीयता के साथ नजर आएंगी।

 

 

Next Post

इंग्लैंड ने पांचवें टेस्ट के लिए जैमी ओवर्टन को टीम में किया शामिल

Tue Jul 29 , 2025
मैनचेस्टर, (वार्ता) भारत के खिलाफ चल रही टेस्ट सीरीज के पाँचवें मैच के लिए इंग्लैंड ने सोमवार को ऑलराउंडर तेज गेंदबाज जैमी ओवर्टन को 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया है। इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने आज बताया कि जोफ्रा आर्चर, क्रिस वोक्स, जॉश टंग, गस एटकिंसन और ब्रायडन […]

You May Like