नयी दिल्ली, 16 सितम्बर (वार्ता) दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने मंगलवार को कहा कि ओज़ोन परत की रक्षा आने वाली पीढ़ियों के लिए सामूहिक ज़िम्मेदारी है।
श्री सिरसा ने आज यहाँ सचिवालय में पर्यावरण विभाग और दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विश्व ओज़ोन दिवस के अवसर पर शपथ ली और सरकार की पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा, “ओज़ोन परत की रक्षा हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए सामूहिक ज़िम्मेदारी है। विश्व ओज़ोन दिवस पर हम वैज्ञानिक समझ से आगे बढ़कर ठोस वैश्विक कदम उठाने का संकल्प लेते हैं। दिल्ली ने हमेशा ओज़ोन नष्ट करने वाले पदार्थों को खत्म करने में नेतृत्व दिखाया है और हम जलवायु संरक्षण और वायु गुणवत्ता सुधार में भी अग्रणी बने रहेंगे। मैं सभी नागरिकों से अपील करता हूँ कि जागरूक निर्णय लें, पर्यावरण–अनुकूल जीवनशैली अपनाएँ और दिल्ली एवं देश को स्वस्थ व सस्टेनेबल बनाने में योगदान दें।”
उन्होंने कहा, “हमें नयी ऊर्जा और नए संकल्प की ज़रूरत है; तभी बेहतर कल संभव है।”
उन्होंने कहा कि दिल्ली में मॉन्ट्रियल प्रोटोकॉल को सफलतापूर्वक लागू किया गया है। सरकार स्कूल ईको-क्लबों, जन अभियानों और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से पर्यावरण जागरूकता फैलाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि दिल्ली को और स्वच्छ एवं हरित बनाया जा सके।
इस मौके पर पर्यावरण विभाग और डीपीसीसी अधिकारियों और आम जनता को जागरूक करने के लिए एक कार्यशाला और प्रदर्शनी का भी लगाई गई।

