
इंदौर. शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, किला भवन में गुरुवार को अहिल्या उत्सव मनाया गया. कार्यक्रम की शुरुआत देवी अहिल्याबाई होलकर के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि से हुई.
प्राचार्य डॉ. बीडी श्रीवास्तव ने कहा कि अहिल्याबाई ने विपरीत परिस्थितियों में प्रशासनिक कुशलता और निर्णय क्षमता का परिचय देते हुए प्रजा के हित और न्याय को प्राथमिकता दी. उनका जीवन समाज के प्रति जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा की सीख देता है. प्रो. प्रेरणा ठाकुर ने अहिल्याबाई के मंदिरों और तीर्थस्थलों के संरक्षण, धर्मशालाओं, घाटों, कुओं और जलस्रोतों के निर्माण सहित जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी दी. कार्यक्रम में महिला नेतृत्व और सशक्तीकरण में अहिल्याबाई की भूमिका पर भी चर्चा हुई. छात्राओं को उनके जीवन से न्यायप्रियता, करुणा, सेवा, अनुशासन, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।वक्ताओं ने कहा कि अहिल्याबाई का जीवन आज भी सुशासन और लोकसेवा के लिए प्रेरणादायी है. कार्यक्रम का संचालन प्रो. निधि गुप्ता ने किया. आईक्यूएसी प्रभारी प्रो. मनीषा जोशी, प्रो. निशा जैन, प्रो. रजनी भारती सहित प्राध्यापक, कर्मचारी और छात्राएं उपस्थित रहीं.
