दो पोकलेन मशीन एवं दो डंपर वाहन किये जप्त
इंदौर:कलेक्टर आशीष सिंह के निर्देशन एवं अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति शर्मा के मार्गदर्शन में आज इंदौर जिले के राऊ तहसील अंतर्गत ग्राम धरनावद में खनिज मुरुम के अवैध उत्खनन पर खनिज विभाग एवं तहसीलदार राऊ के द्वारा संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की गई. कार्रवाई में मौके पर से दो पोकलेन मशीन एवं दो डंपर वाहन जप्त किये गये, जिन्हें पुलिस थाना गांधीनगर की अभिरक्षा में रखा गया है.
जानकारी के अनसुार कि ग्राम धरनावद की भूमि सर्वे क्रमांक 19/1/5 रकबा 1.381 हेक्टेयर क्षेत्र पर मेसर्स अंचेरा कंस्ट्रक्शन के नाम पर लोक निर्माण विभाग द्वारा शासकीय मार्ग निर्माण हेतु 8380 घन मीटर खनिज मुरूम बाबत अनुमति जारी की गई थी. जांच में माप किए जाने पर अनुमति से कई गुना ज्यादा उत्खनन होना पाया गया. उक्त क्षेत्र में अवैध उत्खनन के संबंध में जप्त मशीनें व डंपर आकाश चौहान निवासी समाजवाद नगर इंदौर से संबंधित होना बताया गया. शिकायतकर्ता चेतन परदेसी द्वारा भी इस क्षेत्र पर अवैध उत्खनन होने व राजस्व के नुकसान होने के संबंध में खनिज विभाग में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी. अवैध उत्खनन के संबंध में मेसर्स अंचेरा कंस्ट्रक्शन एवं वाहन मालिकों के विरुद्ध मध्य प्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत आगामी कार्यवाही की जाएगी.
