इजरायल और सीरिया युद्धविराम पर सहमत

मॉस्को,19 जुलाई (वार्ता) इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और सीरियाई राष्ट्रपति अहमद अल-शारा ने युद्धविराम पर सहमति जतायी है।

अमेरिकी राजदूत टॉम बैरक ने यह जानकारी दी। श्री बैरक तुर्की में अमेरिकी राजदूत और सीरिया के लिए विशेष दूत भी है। अमेरिकी दूत ने सभी पक्षों से हथियार डालने और शांति की दिशा में काम करने का आग्रह किया है। इस युद्धविराम के बाद क्षेत्र में शांति की उम्मीदें बढ़ गयीं हैं।

अमेरिकी राजदूत ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपनी पोस्ट में कहा, “इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू और सीरियाई राष्ट्रपति अहमद अल-शारा ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो के समर्थन से एक ऐसे युद्धविराम पर सहमति जतायी है जिसे तुर्की, जॉर्डन और उसके पड़ोसी देशों ने भी स्वीकार किया है। हम ड्रूज़, बेडौइन और सुन्नियों से हथियार डालने का आग्रह करते हैं और चाहते हैं कि वह अन्य अल्पसंख्यकों के साथ मिलकर अपने पड़ोसियों के साथ शांति और समृद्धि में नये ‘सीरिया’ का निर्माण करें।”

तुर्की के विदेश मंत्रालय के सूत्र ने बताया कि विदेश मंत्री हाकन फिदान ने अमेरिकी विदेश मंत्री से फोन पर कहा कि उनका देश, सीरिया के भविष्य को सुनिश्चित करने और ‘स्थायी रूप से संघर्ष और तनाव को समाप्त करने’ के लिए अमेरिका के साथ काम करने के लिए तैयार है।

पिछले सप्ताह सशस्त्र बेडौइन समूहों ने सुवेदा प्रांत में कई ड्रूज़ बस्तियों पर हमला किया और ड्रूज़ आत्मरक्षा बलों के साथ उनकी झड़प हुई। सीरियाई रक्षा मंत्रालय ने कहा कि झड़पों में 30 से ज़्यादा लोग मारे गए और अन्य 100 घायल हुए, जिनमें सीरियाई संक्रमणकालीन सरकार के प्रति वफ़ादार 20 सैनिक भी शामिल हैं।

सीरिया के रक्षा मंत्रालय ने इससे पहले मंगलवार को कहा कि सेना और गृह मंत्रालय ने अवैध हथियारबंद गुटों से शहर को मुक्त करने के लिए सुवैदा में सैनिकों को तैनात किया। बाद में उन्होंने सुवैदा से दमिश्क की ओर भारी सैन्य उपकरण वापस लेना शुरू कर दिया और आवासीय क्षेत्रों को आंतरिक सुरक्षा बलों के नियंत्रण में स्थानांतरित कर दिया।

इजरायली सरकार ने सीरियाई सेना के खिलाफ तत्काल सैन्य हमले का आदेश दिया और देश के भीतर ड्रूज आबादी के साथ घनिष्ठ संबंधों तथा ऐतिहासिक संबंधों का हवाला देते हुए कहा कि सीरिया के ड्रूज समुदाय के लिए चिंता के कारण यह कार्रवाई की गयी है।

Next Post

अफ़ग़ानिस्तान में दो वाहनों की टक्कर में चार लोगों की मौत

Sat Jul 19 , 2025
काबुल, 19 जुलाई (वार्ता) पूर्वी अफ़ग़ानिस्तान के ग़ज़नी प्रांत में शनिवार को एक कार और ट्रक में टक्कर हो जाने से चार लोगों की मौत हो गई। सरकारी समाचार एजेंसी बख़्तर ने यह जानकारी दी है। एजेंसी ने बताया कि यह हादसा आज तड़के एबी बंद ज़िले में ग़ज़नी को […]

You May Like