
सीधी।कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में राजस्व न्यायालयवार लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि अविवादित नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, गिरदावरी तथा फार्मर रजिस्ट्री जैसे प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। 6 माह से अधिक समय से लंबित मामलों के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी अपने न्यायालयों में निर्धारित दिनों पर नियमित सुनवाई करें तथा जिन प्रकरणों की पेशी तय नहीं है, उन्हें भी त्वरित रूप से पेशी पर रखा जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रकरणों के निराकरण में समय-सीमा का पालन अनिवार्य है। आवेदन एवं प्रतिवेदन केवल विभाग द्वारा निर्धारित प्रारूप में ही लिए जाएं।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्देशित किया कि 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों का अभियान चलाकर निराकरण किया जाए। हितग्राहीमूलक योजनाओं से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता से निपटाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में अपर कलेक्टर बी.पी. पाण्डेय, एसडीएम सिहावल प्रिया पाठक, मझौली आर.पी. त्रिपाठी, चुरहट शैलेश द्विवेदी सहित सभी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।
