इंदौर:प्रगति पार्क कॉलोनी में रिटायर्ड जस्टिस रमेश गर्ग के घर तड़के रविवार को बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में वारदात को अंजाम दिया. सुबह करीब 4:30 बजे तीन नकाबपोश बदमाश खिड़की की ग्रिल काटकर घर में घुसे, अलमारी तोड़ी और लाखों रुपए के जेवर व नकदी लेकर फरार हो गए. पूरी वारदात महज 4 मिनट 11 सेकेंड में पूरी हुई और सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. मीडिया में घटना की जानकारी मंगलवार को लगी.
बदमाश जस्टिस गर्ग के बेटे ऋत्विक के बेडरूम में घुसे. उस समय ऋत्विक की पत्नी और बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे. एक बदमाश अलमारी तोड़ने में जुटा रहा, दूसरा ऋत्विक पर डंडा ताने खड़ा था, जबकि तीसरा मदद करता रहा. पहले बदमाश से अलमारी का ताला नहीं टूटा तो दूसरे ने टॉमी ली और कुछ ही सेकंड में दरवाजा उखाड़ दिया. इसके बाद वे जेवर और नकदी समेटकर भाग निकले.
सुबह जब ऋत्विक की पत्नी उठीं तो कमरे का हाल अस्त-व्यस्त और अलमारी खुली मिली. जांच में सामने आया कि घर में गार्ड मौजूद होने के बावजूद बदमाशों ने ग्रिल काटकर प्रवेश किया था. उनके पास लट्ठ, टॉमी और अन्य औजार थे. घटना की सूचना पर ग्रामीण एएसपी रूपेश द्विवेदी, डीएसपी मुख्यालय उमाकांत चौधरी, एफएसएल टीम और स्निफर डॉग मौके पर पहुंचे. बदमाशों ने दस्ताने पहने होने से पुलिस को फिंगरप्रिंट नहीं मिले. मामले में एएसपी का कहना है कि फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
