नयी दिल्ली, 29 जून (वार्ता) दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान 30 जून से शुरू होगा और 29 जुलाई तक बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित करेंगे और भरे हुए प्रपत्र एकत्र करेंगे।दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने सोमवार को बताया कि राजधानी में एसआईआर 2026 अभियान की तैयारियां पूरी कर ली हैं। चुनाव आयोग ने 14 मई को इस अभियान की घोषणा की थी, जिसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत 30 जून से 29 जुलाई तक बूथ स्तर अधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित करेंगे और भरे हुए प्रपत्र एकत्र करेंगे। इसके बाद पांच अगस्त को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन होगा, जबकि दावे और आपत्तियां पाँच अगस्त से चार सितंबर तक दर्ज करायी जा सकेंगी। अंतिम मतदाता सूची सात अक्टूबर को प्रकाशित की जायेगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार दिल्ली में वर्तमान में कुल 1,45,10,298 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 77.11 लाख पुरुष, 67.98 लाख महिला और 1,024 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं।
राजधानी में 13,033 मतदान केंद्र स्थापित हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि मतदाता बनने के लिए भारतीय नागरिक होना, निर्धारित तिथि पर 18 वर्ष या उससे अधिक आयु का होना तथा संबंधित निर्वाचन क्षेत्र का सामान्य निवासी होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि यदि किसी घर पर बीएलओ के पहुंचने के समय ताला लगा मिलेगा तो गणना प्रपत्र वहां छोड़ दिया जायेगा और उसे प्राप्त करने के लिए कम से कम तीन बार पुनः दौरा किया जायेगा। मतदाताओं को केवल गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को जमा करना होगा तथा किसी भी प्रकार का दस्तावेज संलग्न करने की आवश्यकता नहीं होगी। सहायता के लिए निर्वाचन आयोग का हेल्पलाइन नंबर 1950, जिला मुख्यालयों एवं मतदाता केंद्रों पर हेल्पडेस्क तथा ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

