सिंगरौली : जिले में चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जयंत चौकी पुलिस ने मोबाइल छीनने और मोटरसाइकिल चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने दोनों प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए चोरी की मोटरसाइकिल और करीब 35 हजार रुपये कीमत का सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार पहली घटना 1 मार्च 2026 को जयंत क्षेत्र में हुई थी। मोटरसाइकिल सवार व्यक्तियों ने फरियादी के हाथ से सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन छीन लिया था। मामले में अपराध के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2)में प्रकरण दर्ज किया गया था।
दूसरी घटना 13 अगस्त 2026 को जयंत स्थित लक्ष्मी मार्केट में हुई, जहां से फरियादी की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 66 एमजे 7936 चोरी हो गई थी। पुलिस ने अपराध के तहत धारा 303(2)में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। दोनों मामलों में लगातार पतासाजी और विवेचना के बाद पुलिस ने आरोपी से चोरी की मोटरसाइकिल और छीना गया मोबाइल फोन दस्तयाब किया। उक्त कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक षियाज केएम के निर्देश पर चौकी प्रभारी जयंत निरीक्षक पवन कुमार सिंह के नेतृत्व में सहायक उनि दीप नारायण, राजेश द्विवेदी और आर अजय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
