बायोडील फार्मास्यूटिकल्स से बाहर निकली पिरामल अल्टरनेटिव्स, निवेश पर हुई 20 प्रतिशत से अधिक कमाई

नयी दिल्ली, 28 जुलाई (वार्ता) पिरामल अल्टरनेटिव्स ने मंगलवार को घोषणा की कि उसके पिरामल स्ट्रक्चर्ड क्रेडिट ऑपर्च्युनिटीज फंड ने बायोडील फार्मास्यूटिकल्स में किये गये 110 करोड़ रुपये के निवेश से सफल एग्जिट हासिल किया है। कंपनी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि निवेश की पूरी राशि को भुनाने के बाद फंड को 20 प्रतिशत से अधिक का इंटरनल रेट ऑफ रिटर्न (आईआरआर) मिला। दोनों कंपनियों के बीच मूल्य सृजन पर आधारित साझेदारी के सफल समापन के बाद यह एग्जिट तय किया गया। इस दौरान बायोडील ने परिचालन और वित्तीय प्रदर्शन में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज करते हुए अपनी विनिर्माण क्षमता, कॉरपोरेट गवर्नेंस और परिचालन दक्षता को मजबूत किया तथा अगले विकास चरण के लिए मजबूत आधार तैयार किया।

पिरामल अल्टरनेटिव्स ने वर्ष 2024 में बायोडील में 110 करोड़ रुपये का निवेश किया था। इस निवेश का उद्देश्य मजबूत कारोबारी आधार, तेज विकास क्षमता और स्केलेबल बिजनेस मॉडल वाली हेल्थकेयर एवं फार्मास्यूटिकल कंपनियों को विकास पूंजी उपलब्ध कराना था। अब इस निवेश की पूरी राशि भुनायी जा चुकी है और फंड को 20 प्रतिशत से अधिक का आईआरआर प्राप्त हुआ है। निवेश अवधि के दौरान बायोडील ने लगातार मजबूत प्रदर्शन किया। कंपनी का राजस्व वित्त वर्ष 2024-25 में 45 प्रतिशत और वित्त वर्ष 2025-26 में 60 प्रतिशत बढ़ा। सिर्फ वित्तीय प्रदर्शन ही नहीं, इस साझेदारी के दौरान बायोडील ने अपनी विनिर्माण क्षमता भी बढ़ायी, कॉरपोरेट गवर्नेंस को और मजबूत बनाया तथा परिचालन प्रक्रियाओं को अधिक व्यवस्थित और सक्षम बनाया।

आज कंपनी कई ग्लोबल मार्केट्स में अपनी मौजूदगी दर्ज करा चुकी है और गुणवत्ता, नियामकीय अनुपालन तथा नवाचार के दम पर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों के लिए एक भरोसेमंद फार्मास्यूटिकल साझेदार के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रही है। पिरामल अल्टरनेटिव्स के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी कल्पेश किकानी ने कहा, “बायोडील में हमारा निवेश एक स्पष्ट सोच पर आधारित था। हम ऐसी फार्मास्यूटिकल कंपनी के साथ जुड़ना चाहते थे, जिसकी नैजल फॉर्म्युलेशन सेगमेंट में मजबूत पकड़ हो और जिसका नेतृत्व कारोबार को लाभदायक तरीके से आगे बढ़ाने की क्षमता रखता हो। हमारी अपेक्षाओं से बेहतर रिटर्न इस बात का प्रमाण है कि बायोडील ने सभी हितधारकों के लिए उल्लेखनीय मूल्य सृजित किया है। हमें इस विकास यात्रा का हिस्सा बनने पर गर्व है और हम कंपनी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।”

.....

Next Post

गुरु पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क बस सेवा शुरू

Tue Jul 28 , 2026
सौंसर, गुरु पूर्णिमा महोत्सव के अवसर पर चमत्कारिक श्री हनुमान मंदिर (हनुमान लोक) संस्थान द्वारा रेल मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सौंसर रेलवे स्टेशन से मंदिर तक नि:शुल्क बस सेवा का मंगलवार को शुभारंभ किया गया। मंदिर संस्थान के सचिव टीकाराम कारोकार ने बस को झंडी […]

You May Like