भोपाल। राजधानी के गोविंदपुरा क्षेत्र स्थित अर्जुन नगर में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा पटेल नगर तक किए जा रहे सड़क निर्माण कार्य के लिए रविवार को बड़ी कार्रवाई की गई। नजूल वृत्त गोविंदपुरा क्षेत्र अंतर्गत सड़क निर्माण के राइट ऑफ वे एरिया में आ रही 38 झुग्गियों को जिला प्रशासन, नगर निगम और एनएचएआई की संयुक्त टीम ने हटाया।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई सुबह करीब 8 बजे शुरू हुई, जो दोपहर 3 बजे तक लगातार जारी रही। इस दौरान नगर निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी तथा एनएचएआई की टीम मौके पर मौजूद रही। कार्रवाई के दौरान जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से अतिक्रमण हटाया गया, ताकि सड़क निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।
अधिकारियों ने बताया कि संबंधित क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण और निर्माण कार्य चल रहा है। सड़क परियोजना के लिए निर्धारित ROW एरिया में बनी झुग्गियां निर्माण कार्य में बाधक बन रही थीं, जिसके चलते नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई। किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और अधोसंरचना विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
