जबलपुर: मप्र हाईकोर्ट के प्रशासनिक न्यायाधीश अतुल श्रीधरन का स्थानांतरण अब छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की जगह इलाहाबाद हाईकोर्ट में किया जाएगा। 27 अगस्त 2025 को सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने उनके छग हाईकोर्ट स्थानांतरण की अनुशंसा की थी। गत 14 अक्टूबर को हुई सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम में केंद्र सरकार के आग्रह पर इस अनुशंसा पर पुनर्विचार किया गया।
इसके बाद कॉलेजियम ने जस्टिस श्रीधरन का स्थानांतरण छग हाईकोर्ट की बजाय इलाहाबाद हाईकोर्ट करने की अनुशंसा की। 24 मई, 1966 को जन्मे जस्टिस अतुल श्रीधरन सात अप्रैल 2016 को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के न्यायाधीश नियुक्त हुए थे। मार्च, 2018 में उन्हें स्थायी न्यायाधीश बनाया गया था। उन्होंने मप्र शासन के मंत्री विजय शाह के विवादित बयान के मामले में संज्ञान आधारित सुनवाई सहित कई महत्वपूर्ण आदेश पारित किये।
