
सौंसर, गुरु पूर्णिमा महोत्सव के अवसर पर चमत्कारिक श्री हनुमान मंदिर (हनुमान लोक) संस्थान द्वारा रेल मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सौंसर रेलवे स्टेशन से मंदिर तक नि:शुल्क बस सेवा का मंगलवार को शुभारंभ किया गया। मंदिर संस्थान के सचिव टीकाराम कारोकार ने बस को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर पूर्व जोनल रेलवे सदस्य विजय धवले, स्टेशन प्रबंधक के.पी. यादव, रेलवे सुरक्षा बल के निरीक्षक जय सिंह, शिक्षक परसराम चौरासे, मंदिर के स्वयंसेवक विशाल डोंगरे ,रेलवे कर्मी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर संस्थान द्वारा यह विशेष व्यवस्था की गई है। नि:शुल्क बस सेवा सौंसर रेलवे स्टेशन परिसर से चमत्कारिक श्री हनुमान मंदिर (हनुमान लोक) के मुख्य प्रवेश द्वार तक तथा मंदिर से वापस रेलवे स्टेशन तक संचालित की जाएगी। इस सुविधा से विशेष रूप से दूर-दराज से रेल मार्ग द्वारा आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें निजी वाहनों या अन्य परिवहन साधनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
मंदिर संस्थान के अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने बताया कि इस वर्ष गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं के जामसांवली पहुंचने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए मंदिर संस्थान द्वारा परिवहन, पेयजल, पार्किंग, सुरक्षा, चिकित्सा, स्वच्छता एवं अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया गया है। जिला प्रशासन एवं रेलवे प्रशासन के सहयोग से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
रेलवे प्रशासन ने भी संभावित यात्री भीड़ को देखते हुए सौंसर रेलवे स्टेशन पर विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त यूटीएस काउंटर, यूटीएस-सह-पीआरएस काउंटर तथा ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) उपलब्ध रहेगी। स्टेशन परिसर में हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई, जहां स्काउट्स एवं गाइड्स तथा वाणिज्यिक कर्मचारी यात्रियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएंगे।
रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के लिए आरपीएफ जवानों की तैनाती की है। स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर निगरानी रखी जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनी रहे।
मंदिर संस्थान एवं रेलवे प्रशासन का उद्देश्य गुरु पूर्णिमा के अवसर पर जामसांवली आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा के साथ सहज दर्शन व्यवस्था उपलब्ध कराना है।
