
नयी दिल्ली, 15 सितंबर (वार्ता) घरेलू बाजार में यात्री वाहनों की थोक बिक्री अगस्त में साल-दर-साल 36.5 प्रतिशत की जबरदस्त तेजी के साथ 4.39 लाख को पार कर गयी।
वाहन निर्माता कंपनियों के संगठन सियाम ने मंगलवार को वाहनों की बिक्री के आंकड़े जारी किए। उसने बताया कि यात्री वाहनों, दुपहिया और तिपहिया की बिक्री ने अगस्त 2026 में किसी भी साल की अगस्त की बिक्री का नया रिकॉर्ड बनाया है। यात्री वाहनों की बिक्री में 36.5 प्रतिशत का इजाफा हुआ और यह 4,39,309 इकाई पर रही।
दुपहिया की बिक्री 10.5 फीसदी बढ़कर 20,34,698 पर पहुंच गई। इसमें पिछले साल अगस्त के मुकाबले स्कूटरों की बिक्री में 23.8 प्रतिशत का इजाफा हुआ और यह 8,55,715 इकाई रहा। वहीं, मोटरसाइकिलों की बिक्री 11,33,047 इकाई रही। इसमें 2.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। महीने के दौरान देश में कुल 45,936 मोपेड बिके। इनकी बिक्री 4.7 प्रतिशत बढ़ी है।
गत अगस्त में देश में कुल 93,764 तिपहिया बिके जो एक साल पहले के मुकाबले 22.8 प्रतिशत अधिक है। इनमें तिपहिया यात्री वाहनों की बिक्री 22.4 फीसद बढ़कर 78,680 इकाई रही। मालवाहक तिपहिया की बिक्री भी 34.9 प्रतिशत बढ़कर 13,320 इकाई पर पहुंच गई। ई-रिक्शा की बिक्री छह फीसदी घटकर 1,264 इकाई और ई-कार्ट की 38.3 प्रतिशत गिरकर 500 इकाई रह गई।
सियाम के महानिदेशक राजेश मेनन ने आंकड़ों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि देश का वाहन उद्योग इस समय मजबूत दौर से गुजर रहा है। अगस्त में रही जबरदस्त तेजी में पिछले साल अगस्त की कमजोर बिक्री का भी योगदान है। कुल मिलाकर मांग परिदृश्य मजबूत बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि ग्राहक धारणा मजबूत है, ग्रामीण बाजार में मजबूती देखी जा रही है, वित्त पोषण की स्थिति लगातार सुधर रही है और वैकल्पिक ईंधन वाले वाहन सकारात्मक पारितंत्र का निर्माण कर रहे हैं। चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में त्योहारी मांग के कारण बिक्री को अतिरिक्त समर्थन मिलने की उम्मीद है।
