सियोल, 03 अगस्त (वार्ता) दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग सोमवार को अपना 11 दिवसीय विदेशी दौरा पूरा करके स्वदेश लौट आए हैं। इस यात्रा के दौरान उन्होंने अमेरिका के तकनीकी दिग्गजों के साथ बातचीत की और तीन दक्षिण अमेरिकी देशों के नेताओं के साथ आर्थिक सहयोग बढ़ाने को लेकर शिखर बैठकें कीं।
श्री ली ने अपनी यात्रा की शुरुआत सैन फ्रांसिस्को से की, जहां उन्होंने एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जेन्सन ह्वांग और अन्य प्रमुख अमेरिकी तकनीकी कंपनियों के अधिकारियों से मुलाकात कर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उन्नत तकनीकों में आपसी सहयोग पर चर्चा की।
इसके बाद, दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति ने ब्राजील, चिली और अर्जेंटीना का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने तीनों देशों के राष्ट्रपतियों के साथ बैठकें कीं और महत्वपूर्ण खनिजों, रणनीतिक संसाधनों तथा ऊर्जा आपूर्ति जैसे क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की।
इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य प्रमुख दक्षिण अमेरिकी अर्थव्यवस्थाओं के साथ व्यापार और निवेश के रिश्तों को विस्तार देना भी था। इसके तहत, ब्राजील और अर्जेंटीना के साथ व्यापार समझौते पर बातचीत फिर से शुरू करने तथा चिली के साथ दक्षिण कोरिया के मुक्त व्यापार समझौते को आधुनिक बनाने के प्रयास शामिल हैं।
जर्मनी के फ्रैंकफर्ट में अपने अंतिम पड़ाव पर, श्री ली ने सियोल लौटने से पहले दक्षिण कोरियाई समुदाय के सदस्यों से संक्षिप्त मुलाकात की।
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति कार्यालय के अनुसार, राष्ट्रपति इस सप्ताह सरकारी मंत्रालयों से नीतिगत रिपोर्ट लेने का काम फिर से शुरू करने वाले हैं। इसकी शुरुआत मंगलवार को व्यापार, पर्यावरण और श्रम मंत्रालयों के साथ होगी, जिसके बाद विदेश, रक्षा और एकीकरण मंत्रालय अपनी रिपोर्ट पेश करेंगे।
