
इंदौर. आजाद नगर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से करीब 15 हजार रुपए कीमत की 15 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की गई. चौंकाने वाली बात यह रही कि इनमें से एक आरोपी नशे की लत पूरी करने और जल्दी पैसे कमाने की नीयत से अपने खेत में ही गांजा उगाता था.
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर डीसीपी ज़ोन 1 विनोद कुमार मीणा, एडीसीपी आलोक सिंह शर्मा और एसीपी रविंद्र बिलवाल के मार्गदर्शन में थाना आजाद नगर पुलिस लगातार मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है. जिसके तहत अक्षरधाम कॉलोनी के पास पुलिस टीम ने दो संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा, जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे थे. तलाशी के दौरान उनके पास पारदर्शी पन्नी में ब्राउन शुगर बरामद की गई. गिरफ्तार आरोपियों के नाम नीरज ठाकुर उम्र 25 और बलप्रीत सिंह जरूसल उम्र 23 हैं, जो ईदरीश नगर, थाना आजाद नगर के निवासी हैं. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजे व ब्राउन शुगर के नशे के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए अवैध व्यापार करते हैं.
