कोलकाता, 25 मई (वार्ता) स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव ने कहा कि उनका इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 सीजन अच्छा नहीं रहा, मैं पिछले मैच के बाद घर लौटा और अपने कोच के साथ उन भूले हुए एरिया काम किया जिसमें काम करने की जरुरत थी और इस मैच में शानदार गेंदबाजी कर पाया।
केकेआर के खिलाफ रविवार को मैच जीतने के बाद प्लेयर ऑफ द मैच बने कुलदीप ने कहा, “मैच से पहले मैं उतना खुश नहीं था, क्योंकि हम एक टीम के तौर पर जिस तरह से फिनिश करना चाहते थे, उस तरह से फिनिश नहीं कर पाए। मेरा सीजन भी उतना अच्छा नहीं गया था। मुझे अपने आपसे काफी अधिक उम्मीद थी, लेकिन मैं वैसा प्रदर्शन नहीं कर पाया।”
कुलदीप ने बताया कि टीम के पिछले मैच के बाद वह अपने होमटाउन गए थे और वहां अपने कोच के साथ काम किया। वह अपनी लय वापस पाना चाहते थे और उन्होंने एक अभ्यास मैच भी खेला था। इस मूव का लाभ उन्हें अपनी पुरानी फ़्रेचाइजी और पुराने घरेलू मैदान पर देखने को मिला।
उन्होंने कहा, “पिछले मैच के बाद मैं अपने घर चला गया था और अपने कोच के साथ उन एरिया में काम किया जिसमें करने की जरूरत थी और वहां मैंने एक मैच भी खेला। कुछ छोटी चीजें होती हैं जिन्हें आप बहुत जल्दी भूल जाते हैं खास तौर से सफेद गेंद की क्रिकेट में। वहां जाकर उन चीज़ों पर काम करना और फिर वापस आकर यहां इस तरह की गेंदबाजी करना शानदार है।”
उन्होंने कहा, “जब मैंने अपने कोच से बात की तो उन्होंने सीधे बोला कि तुम्हें गेंद को स्पिन कराना होगा, बल्लेबाज़ को चकमा देना होगा। मैं जानता हूं कि बल्लेबाज़ तुम्हारे ख़िलाफ़ आक्रामक हो रहे हैं, लेकिन जब तुम गेंद को स्पिन कराते हो तो तुम्हारे पास उन्हें आउट करने का मौक़ा होता है। पिछले कुछ मैचों में मैं अपने पूरे शरीर का इस्तेमाल नहीं कर रहा था। मुझे लगता है कि मैंने टुकड़ों में अच्छी गेंदबाज़ी की, लेकिन अपने रनअप या लय में आप कुछ चीज़ें भूल जाते हैं जिससे आपके खेल पर असर पड़ता है।”
टूर्नामेंट के दौरान वह किन चीजो में कमज़ोर पड़े इसके बारे में कुलदीप ने कहा, “मैं थोड़ा ओपन चेस्ट से गेंदबाज़ी कर रहा था और कई बार आप अपने पूरे शरीर का इस्तेमाल नहीं करते हैं। मैंने केवल गेंद को पुश किया और यहां पर टी-20 बल्लेबाज सामने की ओर मारने या बैकफ़ुट पर खेलने में काफ़ी मज़बूत हैं। जब आप अपने शरीर का अधिक इस्तेमाल करने लगते हैं और गेंद को स्पिन कराने की कोशिश करते हैं तो आपको परिणाम देखने को मिलते हैं। आपको डिप और ड्रिफ्ट मिलती है और आप गति में मिश्रण भी कर सकते हैं। ये देखना अच्छा लगा। मुझे लगता है कि ये मेरे लिए शानदार मैच रहा क्योंकि पिछले मैच से वापसी कर रहा था।”
