इंदौर:मध्यप्रदेश शासन की समाधान योजना ने बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत की हवा बहा दी है. मालवा मिल क्षेत्र के शाकिर अली को अब तक तीन लाख रुपए का सरचार्ज माफ हुआ, वहीं अशोक राजमल, हेमराज प्रजापत और दिनेश रतनलाल समेत अन्य उपभोक्ताओं को भी हजारों रुपए की छूट मिली. पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अनुसार, प्रदेश में अब तक 78,600 उपभोक्ताओं ने योजना का लाभ उठाया है, जिससे लगभग ढाई करोड़ रुपए की छूट दी जा चुकी है.
इंदौर जिले में करीब 17,000 उपभोक्ताओं को इस योजना का लाभ मिला है, जबकि कंपनी को 25.25 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ. इंदौर समेत अन्य जिलों में शिविर आयोजित कर लोगों को योजना से जोड़ने के प्रयास किए गए हैं. प्रचार के लिए पोस्टर, बैनर, फ्लैक्स, आकाशवाणी और समाचार पत्रों का इस्तेमाल किया जा रहा है. पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि तीन माह या उससे अधिक देयक वाले उपभोक्ता पोर्टल या नजदीकी वितरण केंद्र पर संपर्क कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं.
