
मंडला: नगर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक बस स्टैंड रोड स्थित न्यू मार्केट इन दिनों गंभीर जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। मार्केट की दुकानों के नीचे बने तलघर में लगातार तीन फुट तक पानी भरने से व्यापारियों का सामान खराब हो रहा है और व्यापार भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों ने इस विकट स्थिति के स्थायी समाधान के लिए नाले के पुनर्निर्माण और सार्वजनिक शौचालय के निर्माण की मांग की है।
जानकारी अनुसार मंडला में न्यू मार्केट का निर्माण वर्ष 1982 में नगर पालिका मंडला द्वारा किया गया था और 1985 में दुकानें व उनके तलघर उच्चतम बोली लगाने वाले आवेदकों को आवंटित किए गए थे। तब से दुकानदार नियमित रूप से किराया भी जमा कर रहे हैं। हालांकि पिछले 15 वर्षों से दुकानों के पीछे बना नाला खराब गुणवत्ता के कारण लगातार रिस रहा है। वर्तमान में स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि नाले का पानी सीधे गोदामों में घुस रहा है।
बताया गया कि समस्या की जानकारी मिलते ही नगर पालिका सीएमओ गजानन नाफड़े ने तुरंत मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने दुकानदारों विशेष रूप से दवा व्यवसायियों से बात कर उनकी समस्याओं को समझा। सीएमओ के निर्देश पर नगरपालिका की सफाई टीम ने नाले की सफाई करवाई, जिसके बाद जल निकासी में सुधार हुआ है। सीएमओ नाफड़े ने आश्वासन दिया है कि इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में शीघ्र ही कार्रवाई की जाएगी।
व्यापारियों की प्रमुख मांगें :
व्यापारियों ने नगर पालिका से आग्रह किया है कि मार्केट लगभग 40 साल पुराना हो चुका है, इसलिए नाले का पुनर्निर्माण और कांक्रीट संरचना के रूप में किया जाए। इसके साथ ही मार्केट में दुकानदारों और ग्राहकों दोनों की सुविधा के लिए शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।
रहता है असामाजिक तत्व जमावड़ा:
व्यापारियों ने बताया कि रात्रि में दुकानों के सामने बने कॉरिडोर में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे गंदगी फैलती है। व्यापारियों का कहना है कि यदि कॉरिडोर में शटर लगाने की अनुमति मिले और उसका निजी उपयोग न हो तो इस समस्या से निजात मिल सकती है। पुराने निर्माण के कारण कई दुकानों की छतों और दीवारों में दरारें व सीलन की समस्या भी बनी हुई है, जिसे व्यापारी अपने खर्च पर सुधार रहे हैं।
